CM योगी ने चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

Last Updated 29 May 2025 01:52:40 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।


योगी ने उन्हें नमन करते हुए कहा कि भूमि सुधार और हदबंदी कानून के लिए आज भी पूरा देश पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद करता है।

उप्र विधानसभा परिसर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर योगी आदित्यनाथ ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

चौधरी चरण सिंह के उल्लेखनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा, "यह उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि यहां के लोगों को लंबे समय तक चौधरी साहब का मार्गदर्शन और नेतृत्व मिला। राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने भूमि सुधार, शासन की शुचिता और ग्रामीण विकास में पारदर्शिता के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कीं, जिनका प्रभाव आज भी गांवों और समाज के सभी वर्गों में महसूस किया जाता है।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंह ने प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री, गृह और वित्त मंत्रालय के दायित्व को भी बखूबी निभाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले 11 वर्षों से चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने के लिए ग्रामीण विकास और किसानों के उत्थान के लिए लगातार कदम उठा रहे हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल और मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह मौजूद थे।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने “एक्स” खाते पर एक पोस्ट के जरिये स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न दिवंगत चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लिखा “देश की समृद्धि का रास्ता गांव के खेत एवं खलिहानों से होकर जाता है। चौधरी चरण सिंह समृद्ध गांव और सशक्त किसान के लिए आजीवन समर्पित रहे।”

योगी ने कहा “डबल इंजन की सरकार उनके दिखाये मार्ग पर सतत आगे बढ़ रही है।”
 

भाषा
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment