UP Monsoon Session 2024: विधानसभा सत्र में CM योगी बोले- हम हर सवाल का जवाब देने को तैयार...
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सोमवार से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। उत्तर प्रदेश ने फरवरी में अपना बजट पारित किया था, मानसून सत्र में पहली अनुपूरक मांग सत्र में पेश की जाएगी।
![]() |
मुख्यमंत्री योगी सोमवार को विधानसभा सत्र के शुरुआत के मौके पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी दलों से कहूंगा कि वे जिन मुद्दों को लेकर सदन का ध्यान अपनी ओर करना चाहेंगे, सरकार उस पर जवाब देगी। प्रदेश की जनता से जुड़ी हुई समस्या का हल करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है, सरकार जवाब देगी। सदन की कार्रवाई अच्छे से चल सके, इसके लिए मैं सबसे अपील करूंगा कि वे सभी सकारात्मक सहयोग दें।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की उभरती अर्थव्यवस्था की राह पर आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में पिछले सात वर्षों में उत्तर प्रदेश ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। मैं सभी जनप्रतिनिधियों से सदन के सुचारू संचालन में अपना योगदान देने का आग्रह करता हूं। सरकार जनता के सभी मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार सत्र में उठाए गए सभी मुद्दों के प्रति जवाबदेह होगी।
विधानसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रिमंडल के चार नए मंत्रियों -- ओपी राजभर, अनिल कुमार, दारा सिंह चौहान और सुनील शर्मा का सदन में परिचय कराया।
यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। 30 जुलाई को अनुपूरक बजट आएगा। सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्ष ने सूखा, बाढ़, बिजली कटौती और किसानों के मुद्दे पर घेरने की तैयारी कर ली है। सरकार एक दर्जन से ज्यादा अध्यादेश पारित कराएगी।
बिजली, बाढ़ और कानून व्यवस्था को लेकर यूपी विधानसभा में विपक्षी दलों का हंगामा
उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र का आज पहला दिन है। सत्र शुरू होने के कुछ देर बाद ही सपा के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा करते हुए सदस्य तख्तियां लेकर वेल तक पहुंच गए। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदस्यों को शांत कराने का प्रयास किया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने बिजली, बाढ़ और कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर सदन में आकर विरोध प्रदर्शन किया। सपा विधायक जाहिद बेग एनसीआरबी की रिपोर्ट शर्ट पर चिपकाकर विधानसभा पहुंचे। अपना दल (कमेरावादी) की प्रमुख पल्लवी पटेल विधानसभा पहुंचीं। उनसे पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर सवाल पूछा। वह बिना जवाब दिए ही आगे बढ़ गईं।
नेता प्रतिपक्ष और सपा विधायक माता प्रसाद पांडेय ने कहा, राज्य इस समय बहुत गंभीर मुद्दों का सामना कर रहा है, बाढ़, कानून व्यवस्था की समस्या और भ्रष्टाचार भी।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उनसे कहा कि हम इन सभी मुद्दों पर चर्चा करेंगे। आप विपक्ष के नेता हैं, आपको नोटिस देने का अधिकार है, हम इन सभी मुद्दों पर चर्चा करेंगे। सरकार जवाब देने के लिए तैयार है।
इस दौरान सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान ने उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में दवा की कमी है। मंत्री के कहने पर भी डॉक्टर नियुक्त नहीं हुए। लगता है विभाग में मंत्री का इकबाल बुलंद नहीं है। लगता है उनका इकबाल दिल्ली चला गया।
उनके आरोपों पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूरे देश में चिकित्सक की कमी है। एमबीबीएस डॉक्टर बनने में साढ़े पांच साल और पीजी डॉक्टर को साढ़े 8 साल लग जाते हैं।
सपा विधायक रागनी सोनकर ने कहा, हमारे डॉक्टर ही बीमार हो रहे हैं। यह चिकित्सा मंत्री और विभाग के लिए शर्मनाक है। कैंसर मरीज की संख्या में यूपी नंबर वन है। क्या सरकार कैंसर मरीजों का इलाज उपलब्ध कराएगी? क्या सरकार निजी अस्पताल को सम्बद्ध करते हुए निशुल्क इलाज की व्यवस्था करेगी।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आयुष्मान भारत में इलाज की निशुल्क व्यवस्था है। एम्बुलेंस भी उपलब्ध है। 74 जिलों में डायलिसिस की सुविधा है। टीबी मरीजों के लिए पोषण सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं। सभी जिला अस्पताल में आईसीयू बनाया गया है। सीएम सहायता कोष से बिना किसी भेदभाव के इलाज के लिए सहायता दी जा रही है। जौनपुर मेडिकल कॉलेज सपा सरकार में बनना शुरू हुआ। टाटा कम्पनी को ठेका मिला। उन्होंने एक करीबी ठेकेदार को काम दिलाया। वह ठेकेदार भाग गया। सपा भ्रष्टाचार की जननी है। योगी सरकार जांच भी कराएगी और जेल भी भेजेगी।
सपा के बागी विधायक अभय सिंह और राकेश पांडेय को पीछे बैठाया गया है। सत्र से पहले मुख्यमंत्री योगी और दोनों उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य, ब्रजेश पाठक एक साथ नजर आए।
| Tweet![]() |