करीबियों पर आईटी रेड से बिफरे अखिलेश यादव, बोले अभी आईटी टीम आई है अब ईडी वाले भी आएंगे

Last Updated 18 Dec 2021 12:31:05 PM IST

समाजवादी पार्टी (सपा) से जुड़े कई नेताओं पर आयकर के छापेमारी पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं और कहा कि भाजपा कांग्रेस की तरह बर्ताव कर रही है।


अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

उन्होंने कहा कि यूपी का चुनाव होने जा रहा है यहां पर अभी आईटी टीम आई है अब ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) वाले भी आएंगे। अखिलेश यादव ने शनिवार को रायबरेली में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, "भाजपा कांग्रेस की तरह बर्ताव कर रही है। अभी आईटी टीम आई है अब ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) वाले भी आएंगे। उन्होंने कहा कि अगर उनके पास पहले से जानकारी थी तो पहले कार्रवाई करनी चाहिए थी। चुनाव से दो महीने पहले ये कार्रवाई हो रही है। जो कि दिखाता है कि आईटी और सीबीआई वाले भी चुनाव लड़ने आएंगे।"

अखिलेश यादव ने कहा कि इसके पहले कांग्रेस भी लोगों को डराने के लिए के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल करती रही है। वही रास्ते पर भाजपा भी चल रही है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता को लगातार परेशनियां दी है। इस पार्टी ने दिक्कत, जिल्लत, किल्लत दी है। ठोको राज और बुलडोजर राज में ईज आफ क्राइम बहुत आगे है। आम जनता को सरकार ने अपमानित किया है। तीन नये किसान कानून लाए गये। जब वोट का डर सताया तभी कानून वापस भी हो गये। किसानों को जीप से कुचल दिया गया। जाचं रिपोर्ट सामने है।

उन्होंने कहा, "दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। दोषियों पर बुलडोजर नहीं चला है। चुनाव आते ही धार्मिक चश्मा लगा लेते है। जनता परिवर्तन करेगी। जनता और पिछड़ो को भाजपा ने धोखा दिया है। निषादों के हक छिनने का काम इन्होंने किया हैं। यूपी में जैसे-जैसे भाजपा को अपनी हार सताएगी। वैसे बड़े-बड़े नेता इस ओर रूख करेगी। इनकम टैक्स वाले आएंगे। ईडी आएगी। इसके बावजूद साइकिल की रफ्तार कम नहीं होगी। चुनाव से पहले ही छापेमारी क्यों की जा रही है। कोई भी इस सरकार में सुरक्षित नहीं है। आजम खां पर कितने मुकदमें लगे है। किसानों पर कितने मुकदमें लगे है। यह कोई नया तरीका नहीं है। कांग्रेस का अगर पुराना इतिहास देखेंगे। इन्हें तरीकों से लोगों को डराते रहे हैं। वही रास्ते पर भाजपा भी चल रही है।"

ज्ञात हो कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी पार्टी के नेताओं तथा कारोबारियों के आवास तथा प्रतिष्ठानों पर शनिवार को आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आगरा, मैनपुरी, लखनऊ तथा मऊ में इन नेताओं तथा कारोबारियों के ठिकानों पर कई टीमें शनिवार तड़के से छानबीन में लगी हैं। पार्टी के सहयोगी मनोज यादव तथा जैनेन्द्र यादव के साथ ही पार्टी के प्रवक्ता राजीव राय के ठिकानों पर सर्वे चल रहा है।

अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी के तिकोनिया गांव में किसानों पर गाड़ी चढ़ाए जाने के मामले की तुलना जलियावाला बाग कांड से करते हुये शनिवार को कहा कि अंग्रेजों ने सामने से गोली मारी थी लेकिन भाजपा के लोगों ने पीछे से आकर जीप चढ़ा दी।

समाजवादी विजय रथ यात्रा लेकर रायबरेली पहुंचे यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सफाया होगा।

यादव ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में हुई घटना, जिसमें किसानों को जीप से कुचल दिया गया, अगर उसकी तुलना की जाए तो भारत का इतिहास पलट कर देखने पर जलियांवाला बाग याद आता है जब अंग्रेजों ने सामने से गोली मारी थी लेकिन भाजपा ने पीछे से आकर किसानों पर जीप चढ़ा दी। ”

गौरतलब है कि तीन अक्टूबर को लखीमपुर खीरी में विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में चार किसानों और एक पत्रकार सहित आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा टेनी के पुत्र आशीष मिश्रा समेत एक दर्जन से ज्यादा लोगों को आरोपी बनाया गया है और सभी जिला कारागार में बंद हैं।

 

आईएएनएस/भाषा
रायबरेली (उप्र)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment