लखनऊ में प्रियंका के लिए आवास तैयार

Last Updated 03 Jul 2020 02:15:51 AM IST

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को दिल्ली का बंगला खाली करने का नोटिस मिलने के बाद उनके लखनऊ आने की प्रक्रिया तेज हो सकती है।


लखनऊ में प्रियंका के लिए आवास तैयार

राजधानी में एक नजदीकी रिश्तेदार का आवास उनके लिए पहले ही छह महीने से साफ-सफाई कर तैयार रखा गया है।

कांग्रेस मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया, पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए छह महीने पहले ही तय किया गया था कि वह लखनऊ आकर रहेंगी। दिवंगत शीला कौल के आवास को प्रियंका की जरूरतों के हिसाब से दुरुस्त किया गया है। वह पूर्व में यहां तीन दिन तक रह चुकी हैं। सरकार ने बुधवार को प्रियंका से कहा था कि एसपीजी सुरक्षा हटाए जाने के बाद वह लुटियन दिल्ली स्थित अपना बंगला एक महीने में खाली कर दें।

केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में प्रियंका से एक अगस्त या इससे पहले बंगला खाली करने को कहा गया है। आदेश में कहा गया है कि अगर वह ऐसा नहीं करतीं तो उन्हें नियमों के तहत क्षतिपूर्ति शुल्क और दंडात्मक किराया देना होगा। कुमार ने कहा, अगर प्रियंका को नोटिस नहीं भी मिलता तो भी वह लखनऊ आकर रहतीं। वह उत्तर प्रदेश में महीने के 20-22 दिन रहेंगी। यह छह महीने पहले ही तय हो गया था। उन्होंने बताया, यह भी तय किया गया कि वह पूरे राज्य का दौरा करेंगी। सारा कामकाज वह लखनऊ से संभालेंगी।

पिछले साल दो अक्टूबर को गांधी जयंती मार्च में शामिल होने आयीं प्रियंका उक्त मकान में गई थीं और वहां कुछ समय रुकी थीं। मकान खाली पड़ा है। कौल परिवार का कोई सदस्य वहां नहीं रह रहा है। कांग्रेस विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने बताया, बृहस्पतिवार से मकान में काम शुरू हो गया है। छह महीने से साफ-सफाई चल रही है। दिवंगत शीला कौल पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मामी थीं। उनका आवास उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर गोखले मार्ग पर है।

भाषा
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment