डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए तैयार आगरा

Last Updated 23 Feb 2020 04:15:59 PM IST

ब्रज की संस्कृति और आगरा की स्थापत्य कला की विरासत को दिखाने वाली चित्रों से शहर की दीवारों को सजाने के साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए कई स्थानों पर विक्टोरियाई शैली वाले लैम्प लगाए गए हैं और ताजमहल के प्रांगण को भी सजाया जा रहा है।




डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए तैयार आगरा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप गुजरात के अहमदाबाद के नवनिर्मित मोटेरा स्टेडियम में एक बड़ा कार्यक्रम ‘नमस्ते ट्रंप’ को संबोधित करने के बाद शाम में आगरा आएंगे।      

आगरा में शहर प्रशासन ने ‘आगरा का बेहतरीन चेहरा’ दिखाने की पूरी तैयारी कर ली है।      

आगरा के संभागीय आयुक्त अनिल कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘हम पूरी तरह से तैयार हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल को बेहतरीन आगरा दिखाने की इच्छा है। खेड़िया हवाईअड्डे पर संभवत: चार बजकर 30 मिनट ट्रंप के आगमन पर सैंकड़ों कलाकार ‘मयूर नृत्य’ की प्रस्तुति करेंगे।’’      

ट्रंप के पहले भारत दौरे के मद्देनजर शहर में सुरक्षा चाक-चौबंद बढाई गई है। ट्रंप की इस यात्रा के दौरान उनके साथ उनकी बेटी इवांका, दामाद जेरेड कुशनर समेत कई अमेरिकी अधिकारी 24-25 फरवरी को मौजूद होंगे।      

आगरा में ट्रंप परिवार सूर्यास्त से पहले का एक घंटे का समय व्यतीत करेगा। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।      

अधिकारियों ने बताया कि कई स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस, अर्धसैनिक बल तथा अन्य बल शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रख रहे हैं।      

उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के अलावा यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड के अधिकारी भी तैनात रहेंगे।      
आगरा के आयुक्त ने कहा कि ट्रंप का काफिला हवाईअड्डे से ताजमहल के बीच 13 किलोमीटर की यात्रा तय करेगा और इस दौरान रास्ते में हजारों कलाकार विशेष प्रस्तुति के साथ उनका स्वागत करेंगे।      

मुख्य शहर में पुरानी सड़कों की मरम्मत हो रही है, सड़क डिवाइडरों को पेंट किया जा रहा है और अवैध बैनरों को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही जिस रास्ते से ट्रंप का काफिला गुजरेगा, वहां की दीवारों पर ब्रज शैली में पेटिंग की जा रही हैं।   



वहीं ताजमहल के परिसर में संगमरमर और चूनापत्थर को साफ किया जा रहा है। मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज महल की मौत के बाद उनकी याद में 17वीं शताब्दी में ताजमहल बनवाया था। इसका निर्माण 20 वर्षों में पूरा हुआ था।

भाषा
आगरा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment