उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पुनरुत्थान की राह पर : राज बब्बर

Last Updated 08 Apr 2019 08:16:55 PM IST

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा है कि पार्टी स्पष्ट रूप से पुनरुत्थान के मार्ग पर है। जमीन पर बदलाव महसूस हो रहा है और लंबे अरसे बाद कांग्रेस कार्यकर्ता इतने उत्साह में हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में वापसी की राह पर है।


कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राज बब्बर

आईएएनएस के साथ एक साक्षात्कार में फतेहपुर सीकरी से उम्मीदवार कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राज बब्बर ने फोन पर कहा, "पांच वर्षों तक लोगों ने देखा कि कैसे भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला किया और लोगों को मोदी सरकार की नीतियों के परिणामों से भी जूझना पड़ा। यह चुनाव बदलाव का चुनाव है और नतीजे इसे साबित करेंगे।"

बब्बर ने कहा कि कई वर्षो बाद उत्तर प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव में सक्रियता से काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, "पार्टी कार्यकर्ताओं में निराशा का भाव चला गया है और वे देख सकते हैं कि कांग्रेस नए भविष्य की ओर बढ़ रही है।"

बब्बर ने स्वीकार किया कि प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में प्रवेश से पार्टी को विशेषकर उत्तर प्रदेश में उम्मीद जगी है।

उन्होंने बताया, "हमारे पास राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का युवा नेतृत्व है। हमारे पास सोनिया गांधी व मनमोहन सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन व आशीर्वाद भी है और यह अनुभव व युवा का मिश्रण कांग्रेस के घोषण-पत्र में दिखाई देता है।"

शत्रुघ्न सिन्हा के पार्टी में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए बब्बर ने कहा, "हम इस बात से बहुत खुश हैं और आने वाले दिनों में कई नेता पार्टी का हिस्सा बनेंगे, जो कि संकेत है कि कांग्रेस फिर से लौट रही है।"

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने हालांकि रविवार को देवबंद रैली में समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा कांग्रेस पर किए हमले पर टिप्पणी से इनकार किया।

उन्होंने कहा, "चुनाव में, जिसे जो अच्छा लगता है वह कहता है। हम ऐसे मुद्दे पर बेकार वक्त खर्च नहीं करना चाहते, बल्कि हम लोगों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। हमारा गठबंधन जनता के साथ है और हम इसे और मजबूत बनाएंगे।"



फतेहपुर सीकरी से बब्बर के खिलाफ उनके पूर्व सहायक राज कुमार चहर मैदान में हैं, जिन्हें भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं बसपा ने गुड्डू पंडित को टिकट दिया है। पंडित पहले बसपा से सपा और फिर भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन अब वह बसपा में हैं।

आईएएनएस
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment