सपा-बसपा का गणित बैठेगा सटीक : अखिलेश

Last Updated 12 Jan 2019 12:20:29 AM IST

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कन्नौज में ट्विटर चौपाल में कहा कि सपा-बसपा मिलकर चुनाव में जीत हासिल करेंगे।


समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले साल लोकसभा उप-चुनाव में हम साथ आए तो प्रदेश के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री की सीट पर भाजपा चुनाव हार गई। इस बार भी हमारा गणित सटीक बैठेगा और भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ेगा। अखिलेश ने कहा, "शनिवार को लखनऊ में सपा और बसपा की संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस होगी।"

उन्होंने कहा, "हमारे साथ आने पर भाजपा के साथ कांग्रेस के अंदर भी भय व्याप्त है। सपा और बसपा जब पहले साथ आई तो यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप-मुख्यमंत्री केशव मौर्य अपने-अपने क्षेत्र में उप-चुनाव हार गए। अब यही ताकत लोकसभा चुनावों में भी परचम फहराएगी।"

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों को हर स्तर पर गुमराह कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तो प्रदेश में शराब को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा, "हम लोगों को अब अफवाह फैलाने वालों से सावधान होने की जरूरत है। हम लोगों को इन अफवाह फैलाने यानी भाजपा के लोगों से बच के रहना होगा। मेरा तो इतना ही कहना है कि अगर हमको उन्नति करनी है तो जाति-पात की बात को छोड़ना होगा।"

चौपाल में सीबीआई पूछताछ पर अखिलेश यादव ने कहा, "सीबीआई को जो कुछ भी पूछना है वह चुनाव के बाद पूछे।" इस दौरान नया नारा देते हुए यादव ने कहा कि हमारा काम बोलता है भाजपा का धोखा बोलता है।

बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन पर उठ रहे सवालों के बीच अखिलेश यादव ने कहा कि क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन कर ही भाजपा इतनी मजबूत हुई है। अब हम भी गठबंधन कर अपनी ताकत बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा की सरकार के खिलाफ हमारा एक ही नारा होगा। हमारा तो काम बोलता है, लेकिन भाजपा का धोखा बोलता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि अब मुख्यमंत्री जी का कहना है कि गाय की सेवा करना है तो ज्यादा शराब पियो क्योंकि ज्यादा पियोगे तो ज्यादा टैक्स मिलेगा और उससे गाय की सेवा की जाएगी। यूपी सरकार ने गाय की रक्षा के लिए शराब पर अतिरिक्त टेक्स लगा दिया है। उन्होंने कहा कि कामधेनु योजना इसलिए शुरू की गई थी जिससे उत्तर प्रदेश में दूध का उत्पादन बढ़ जाए लेकिन अब जिन लोगों ने बैंक से कर्ज लिया वह किश्त भी नहीं दे पा रहे होंगे।



अखिलेश यादव ने शुक्रवार को यहां पर ट्विटर के जरिए गांव वालों को डिजिटल दुनिया की जरूरत के बारे में बताया। इसकी शुरुआत कन्नौज जिले के फकीरपुर गांव से की गई है जिसमें उनके साथ ट्विटर इंडिया के ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट कॉलिन क्रॉवेल भी थे।

आईएएनएस
लखनऊ/कन्नौज


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment