राजस्थान:राजसमंद से BJP विधायक किरण माहेश्वरी का कोरोना से निधन, PM मोदी और CM ने जताया दुख

Last Updated 30 Nov 2020 09:58:29 AM IST

राजस्थान की पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री एवं राजसमंद की विधायक किरण माहेश्वरी का निधन हो गया है। माहेश्वरी का रात साढ़े 12 बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया।


किरण माहेश्वरी का कोरोना संक्रमण से निधन

वह राजसमंद से तीन बार विधायक, उदयपुर नगर परिषद की सभापति और उदयपुर की सांसद रह चुकी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता किरण माहेश्वरी के निधन पर दुख जताया। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, किरण माहेश्वरी जी के असामयिक निधन से आहत हूं। राजस्थान सरकार में सांसद, विधायक या कैबिनेट मंत्री के रूप में रहीं। उन्होंने राज्य की प्रगति के लिए काम करने और गरीबों के साथ-साथ हाशिए पर रहने वाले लोगों को सशक्त बनाने के लिए कई प्रयास किए। उनके परिवार के प्रति संवेदना। ओम शांति।

 

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्व मंत्री किरण के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और उनकी आत्मा की शांति के लिये ईश्वर से कामना की है। 



माहेश्वरी को भारतीय जनता पार्टी ने कोटा नगर निगम चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया था। कोटा में वे कोरोना संक्रमित होकर उदयपुर लौटी थीं। उन्हें करीब पांच दिन होम आइसोलेशन रखा गया उसके बाद सांस लेने में तकलीफ होने पर गीतांजलि हॉस्पिटल भर्ती कराया गया।

तबीयत में सुधार नहीं होने पर उन्हें उदयपुर से एयर एम्बुलेंस से उन्हें मेदांता हॉस्पिटल ले जाया गया। करीब 25 दिन से वे मेदान्ता में भर्ती थीं।

सूत्रों के अनुसार माहेश्वरी का पार्थिव देह आज उदयपुर लाया जाएगा तथा कोविड़ प्रोटोकॉल से अंतिम संस्कार किया जाएगा।

एजेन्सिया
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment