मणिपुर में 4 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और गोला-बारूद जब्त

Last Updated 29 Sep 2025 11:14:10 AM IST

सुरक्षा बलों ने विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों को मणिपुर के इंफाल वेस्ट और ईस्ट जिलों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।


पुलिस ने बताया कि ये सभी गिरफ्तारियां रविवार को की गईं।

पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (सिटी मेइती) के एक सक्रिय सदस्य को इंफाल वेस्ट जिले के फायेंग चिंग खुनोऊ स्थित एक आवासीय इलाके से गिरफ्तार किया गया।

उग्रवादी की पहचान 34 वर्षीय अंगोम अचौ सिंह के रूप में हुई है, जिसके कब्जे से डबल बैरल राइफल जब्त की गई।

प्रतिबंधित संगठन केसीपी (माओवादी) के एक अन्य सक्रिय सदस्य को भी इंफाल ईस्ट जिले के नापेटपल्ली स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान नगैरंगबाम अपोलो मेइती (37) के रूप में हुई है।

प्रतिबंधित संगठन केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के एक सक्रिय सदस्य को इंफाल ईस्ट जिले के खाबेइसोई स्थित उसके आवासीय इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान मोहम्मद आलम खान (34) के रूप में हुई है।

प्रतिबंधित संगठन प्रेपाक (रेड आर्मी) के एक सक्रिय सदस्य को इंफाल ईस्ट जिले के चानुंग से गिरफ्तार किया गया।

इस बीच, सुरक्षा बलों ने रविवार को इंफाल वेस्ट जिले के सांगैथेल लोंगा कोइरेंग क्रॉसिंग पर एक अभियान के दौरान हथियारों और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा जब्त किया।

बयान में कहा गया है कि चार सिंगल बैरल बंदूकें, एक आधुनिक स्नाइपर राइफल, नौ एमएम की दो पिस्तौल, विभिन्न प्रकार की चार मैगजीन, विभिन्न कैलिबर के 120 कारतूस, तीन हथगोले, तीन डेटोनेटर, 14 हेलमेट और तीन बुलेटप्रूफ प्लेट जब्त की गईं।

 

भाषा
इंफाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment