Maharashtra: छत्रपति संभाजीनगर में बड़ा हादसा, दुकान में आग लगने से 7 लोगों की मौत

Last Updated 03 Apr 2024 09:57:16 AM IST

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर में बुधवार तड़के दर्जी की एक दुकान में आग लगने के कारण दो बच्चों समेत सात लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।


अधिकारी ने बताया कि छावनी क्षेत्र के दाना बाजार स्थित दुकान में तड़के करीब चार बजे आग लग गई।

उन्होंने बताया कि दर्जी की दुकान अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ एक इमारत के भूतल पर स्थित थी जबकि ऊपरी मंजिल पर लोग रहते थे।

पुलिस आयुक्त मनोज लोहिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘दुकान में तड़के करीब चार बजे अचानक आग लग गई। पुलिस को घटना की जानकारी सुबह सवा चार बजे मिली। आग लगने के बाद उसका धुआं पहली मंजिल में पहुंच गया, जहां दुकान के ऊपर एक परिवार रहता था। दम घुटने से सात लोगों की मौत हो गई।’’

उन्होंने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं, दो पुरुष और दो बच्चे शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि आग लगने का सही कारण जांच के बाद पता चल सकेगा।
 

भाषा
छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment