St Gerosa School Case : BJP विधायकों के खिलाफ FIR दर्ज करने पर विहिप ने किया विरोध प्रदर्शन
St Gerosa School Case : कर्नाटक के एक मिशनरी स्कूल में एक अध्यापिका द्वारा हिंदू धर्म एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) के बारे में कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी किए जाने को लेकर प्रदर्शन कर रहे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने सोमवार को प्रदर्शन किया।
![]() BJP विधायकों के खिलाफ FIR दर्ज करने पर विहिप ने किया विरोध प्रदर्शन |
मिशनरी स्कूल सेंट गेरोसा में कक्षा सात के छात्रों के सामने अध्यापिका द्वारा हिंदू धर्म एवं प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने हाल में सामने आया था।
इसके बाद भाजपा के विधायकों वेदव्यास कामथ (Vedvyas Kamath) एवं भरत शेट्टी (Bharat Shetty) ने अध्यापिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया था। पुलिस ने दोनों विधायकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
विहिप के सदस्यों ने कामथ और शेट्टी के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
भाजपा के विधायक सतीश कुंपाला ने कहा, ‘‘अगर नेताओं के खिलाफ दर्ज मामला एक सप्ताह के भीतर वापस नहीं लिया गया तो पार्टी राज्य भर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी।’’
विहिप की दक्षिण कन्नड़ जिला इकाई के सचिव शिवानंद मेंडन ने कहा, ‘‘पुलिस ने विधायकों डी वेदव्यास कामथ एवं वाई भरत शेट्टी के खिलाफ मामला दर्ज किया है जो अवैध है।’’
उन्होंने कहा कि छात्रों के माता-पिता के अनुरोध के बाद विधायक वेदव्यास कामथ ने स्कूल का दौरा किया था और उन्होंने स्कूल परिसर के बाहर ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए थे जो कोई राष्ट्र-विरोधी गतिविधि नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने पर विधायकों और नेताओं के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
स्कूल ने 10 फरवरी की इस घटना के बाद अध्यापिका को बर्खास्त कर दिया था लेकिन अगले ही दिन बयान जारी कर उक्त अध्यापिका को निर्दोष बताया और भाजपा एवं विहिप नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
| Tweet![]() |