रुद्र राजू ने शर्मिला के लिए छोड़ा आंध्र प्रदेश कांग्रेस प्रमुख का पद

Last Updated 15 Jan 2024 04:32:36 PM IST

गिडुगु रुद्र राजू ने आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (APCC) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद वाईएस शर्मिला की इस पद पर नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है।


राजू ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेज दिया है।

इससे पहले चर्चा थी कि कांग्रेस राज्य विधानसभा और लोकसभा के एक साथ होने वाले चुनाव से पहले शर्मिला को पार्टी प्रमुख नियुक्त कर सकती है।

2022 में एपीसीसी अध्यक्ष नियुक्त किए गए रुद्र राजू ने शर्मिला का कांग्रेस में स्वागत किया और उनके लिए पद छोड़ने की पेशकश की थी।

शर्मिला आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी की बहन हैं। शर्मिला ने 4 जनवरी को वाईएसआर तेलंगाना पार्टी (वाईएसआरटीपी) का कांग्रेस में विलय कर दिया था। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाई राजशेखर रेड्डी की बेटी शर्मिला मल्लिकार्जुन खड़गे और शीर्ष नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुईं थी।

शर्मिला ने उस समय कहा था कि जो भी जिम्मेदारी पार्टी उन्हें देगी, उसे वो उठाने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा, ''मैं पार्टी द्वारा दी गई कोई भी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हूं। केवल आंध्र प्रदेश ही नहीं, अंडमान में भी मैं जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हूं।"

शर्मिला ने 2019 के चुनावों में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के लिए सक्रिय रूप से प्रचार किया था। पार्टी के भारी जीत के साथ सत्ता में आने के बाद उन्हें दरकिनार कर दिया गया था।

आईएएनएस
अमरावती


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment