हरियाणा: कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा' सनोली-पानीपत से आगे बढ़ी

Last Updated 06 Jan 2023 11:46:58 AM IST

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा में अपने दूसरे चरण के पहले दिन शुक्रवार सुबह यहां सनोली-पानीपत रोड से फिर से शुरू हुई।


राहुल गांधी की अगुवाई वाली इस यात्रा ने उत्तर प्रदेश से गुरूवार शाम को हरियाणा में फिर से प्रवेश किया। रात्रि विश्राम के बाद यात्रा पानीपत में सनोली सीमा से फिर से शुरू हुई। हरियाणा के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल के साथ पदयात्रा में शामिल हुए।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया था कि राहुल अपनी बीमार मां सोनिया गांधी से मिलने के लिए गुरूवार रात को दिल्ली रवाना हुए थे। वह यात्रा में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार सुबह लौटे।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को वायरल श्वसन संक्रमण के इलाज के लिए बुधवार को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

हरियाणा में गुरूवार शाम को यात्रा के फिर से प्रवेश करने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसका जोरदार स्वागत किया।

राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य वरिष्ठ नेता दोपहर को पानीपत में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। अगले कुछ दिन में यह पदयात्रा पंजाब में प्रवेश करने से पहले करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला जिलों से होकर गुजरेगी।

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने हाल ही में कहा था कि राज्य में यात्रा के लिए सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं।

यात्रा ने हरियाणा में 21 से 23 दिसंबर तक पहले चरण के तहत 130 किलोमीटर की दूरी तय की थी और यह नूहं, गुरुग्राम तथा फरीदाबाद जिलों से गुजरी थी।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और 30 जनवरी को श्रीनगर में राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के साथ संपन्न होगी।

भाषा
पानीपत (हरियाणा)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment