पंजाब : मान ने किया कैबिनेट विस्तार, पांच विधायक बने मंत्री

Last Updated 05 Jul 2022 01:23:13 AM IST

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार किया, जिसमें आम आदमी पार्टी के पांच विधायकों ने मंत्री के रूप में शपथ ली।


पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान

इस साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव में जीत के उपरांत राज्य की सत्ता में आप के आने के बाद मान के नेतृत्व वाली सरकार का यह पहला मंत्रिपरिषद विस्तार है।

पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने सोमवार शाम यहां पंजाब राजभवन के गुरु नानक देव सभागार में विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सुनाम से दो बार के विधायक अमन अरोड़ा को छोड़कर चार अन्य पहली बार विधायक बने हैं। सबसे पहले अरोड़ा ने शपथ ली। उनके बाद डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर ने शपथ ली, जो अमृतसर दक्षिण सीट से विधायक हैं।

उनके बाद, गुरु हर सहाय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले फौजा सिंह सराय, समाना से विधायक चेतन सिंह जौरमाजरा और खरड़ से विधायक अनमोल गगन मान को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई।

पांच नए चेहरों में से चार विधायक मालवा क्षेत्र से और एक विधायक माझा क्षेत्र से हैं।

भाषा
चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment