कौन सी रामलीला रात 10 बजे खत्म होती है, दिल्ली में रामराज्य आना चाहिए: मुख्यमंत्री गुप्ता

Last Updated 23 Sep 2025 04:50:37 PM IST

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार ने रामलीला और दुर्गा पूजा जैसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों को देर रात तक जारी रखने की अनुमति दी है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि ‘‘दिल्ली में रामराज्य आना चाहिए’’ और इसके लिए ‘‘हम सभी को थोड़ा प्रयास करना चाहिए।’’


दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ‘‘मैं हमेशा कहती थी कि हमारे हिंदू त्योहारों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कौन सी रामलीला रात 10 बजे खत्म होती है? दुर्गा पूजा रात 10 बजे खत्म हो ही नहीं सकती। जब गुजरात में पूरी रात डांडिया हो सकता है और रात भर कार्यक्रम हो सकते हैं, तो दिल्ली वालों का क्या कसूर है?"

उन्होंने कहा, ‘‘इसीलिए इस बार हमने रात 12 बजे तक की अनुमति दी है। अब सभी रामलीला, दुर्गा पूजा और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम देर रात तक हो सकेंगे।’’

सोमवार को दिल्ली सरकार ने रामलीला, दुर्गा पूजा, दशहरा और संबंधित आयोजनों के दौरान लाउडस्पीकर और जन संबोधन प्रणालियों के इस्तेमाल की अनुमति वाले समय को बढ़ा दिया। इस छूट को उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने मंज़ूरी दे दी और यह 22 सितंबर से तीन अक्टूबर तक लागू रहेगी।

इस विस्तार के तहत, ध्वनि प्रदूषण नियमों के पालन के अधीन समय सीमा रात 10 बजे से बढ़ाकर देर रात 12 बजे कर दी गई है। आवासीय क्षेत्रों में आयोजकों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि ध्वनि का स्तर 45 डेसिबल से अधिक न हो।

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस कदम के लिए मुख्यमंत्री और राज्यपाल का आभार व्यक्त किया और कहा कि रामलीला समितियां लंबे समय से यह मांग कर रही थीं।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment