अब आधार से लिंक होंगे मतदाता पहचान पत्र

Last Updated 02 Aug 2022 11:59:04 AM IST

राजधानी में सभी मतदाताओं को अपना मतदाता पहचान पत्र अब आधार से लिंक कराना होगा।


अब आधार से लिंक होंगे मतदाता पहचान पत्र

इसके लिए मतदाता फार्म 6बी भरकर ऑफ लाइन एवं ऑनलाइन जमा करा सकते हैं। इसके लिए राजधानी में सोमवार, एक अगस्त से विशेष अभियान शुरू हो गया। राज्य चुनाव आयोग को यह लक्ष्य एक अप्रैल, 2023 तक पूरा करना है।

यह जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डा. रणबीर सिंह ने दी है। खासबात यह है कि सीईओ ने इस अभियान एवं नियमों में हुए संशोधन के बारे में सभी राजनीतिक दलों को भी जानकारी दी।

डा. सिंह का कहना है कि सभी मतदाताओं के मतदाता पहचान पत्र आधार से लिंक हों, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। राजधानी भर में बूथ स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही इस अभियान की जानकारी के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

युवाओं से उन्होंने आग्रह किया है कि अब वह आधार कार्ड के लिए साथ ही नामांकन करें। जिन लोगों के मतदाता पहचान पत्र बने हुए हैं, वह ऑन लाइन जाकर स्वेच्छा से अपना मतदाता पहचान पत्र आधार से जोड़ सकते हैं। इसके अलावा मतदाता ऑफ लाइन भी फार्म 6बी भरकर जमा करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि नियमों में हुए बदलाव को देखते हुए अब फार्म 6, 7 एवं 8 में भी बदलाव किया गया है। इसके साथ ही एक नया फार्म 6बी भी जारी किया है। यह फार्म मतदाता पहचान पत्र को आधार से लिंक कराने की स्थिति में ही भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि लोगों में जागरूकता पैदा करके इस अभियान को जल्द पूरा किया जाएगा। सभी मतदाताओं के पहचान पत्र आधार से लिंक हों और किसी तरह की गलती नहीं हो।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment