रूस के विदेश मंत्री लावरोव ने अमेरिका की तुलना नाजी जर्मनी से की

Last Updated 03 Mar 2022 07:49:10 PM IST

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अपनी चेतावनी दोहराई है कि अगर तीसरा विश्व युद्ध होता है तो यह परमाणु हथियारों से लड़ा जाएगा।


रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव

डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने अमेरिका पर पूरे यूरोप का नियत्रण स्थापित करने का भी आरोप लगाया है।

रूसी सेना द्वारा यूक्रेन में काला सागर की क्षेत्रीय राजधानी खेरसॉन पर कब्जा करने के बाद रूसी विदेश मंत्री ने अमेरिका की तुलना नाजी जर्मनी से की।

रूस ने यूक्रेन में अपने सैन्य अभियान के तहत एक सप्ताह की लड़ाई के बाद यूक्रेन के पहले बड़े एवं प्रमुख शहर पर कब्जा किया है।

लावरोव ने आगे कहा, "मैं यह बताना चाहूंगा कि परमाणु हथियारों का विचार लगातार पश्चिमी नेताओं के दिमाग में घूम रहा है ना कि रूसियों के। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम किसी भी तरह के उकसावे को हमें असंतुलित करने की अनुमति नहीं देंगे।"

उन्होंने कहा कि रूस राजनीतिक रूप से अलग-थलग महसूस नहीं करता और यूक्रेन में लोगों की जिंदगियों के सवाल पर वहीं के लोगों को जवाब देना चाहिए।

रविवार को, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिम पर अपने देश के खिलाफ 'अमित्र' कदम उठाने का आरोप लगाते हुए रूस के परमाणु बलों को हाई अलर्ट पर रखने का आदेश दिया था।

डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, मॉस्को के पास परमाणु हथियारों का दुनिया का सबसे बड़ा शस्त्रागार और बैलिस्टिक मिसाइलों का एक बड़ा जखीरा है, जो देश के प्रतिरोध बलों की रीढ़ हैं।

इससे पहले लावरोव ने चेतावनी दी थी कि एक और विश्व युद्ध होगा तो यह परमाणु बमों के साथ लड़ा जाएगा और यह काफी 'विनाशकारी' होगा।

अलग-अलग टिप्पणियों में, लावरोव ने अमेरिका पर यूरोप को जीतने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने स्काई न्यूज से कहा, "नेपोलियन और हिटलर का उद्देश्य पूरे यूरोप को अपने नियंत्रण में रखना था, अब अमेरिकियों ने यूरोप को अपने नियंत्रण में ले लिया है।"

उन्होंने कहा, "हम स्थिति देख रहे हैं कि वैश्विक स्थिति के संदर्भ में यूरोपीय संघ वास्तव में क्या भूमिका निभा रहा है, वे सिर्फ एक भूमिका ही निभा रहे हैं।"

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment