एक हफ्ते के लिए दिल्ली बॉर्डर सील, सैलून के साथ सभी दुकानें खुलेंगी: केजरीवाल

Last Updated 01 Jun 2020 01:03:36 PM IST

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को ऐलान किया कि दिल्ली के सभी बॉर्डर को अगले एक हफ्ते के लिए सील कर दिया गया है। हालांकि जरूरी सेवाओं के लिए बॉर्डर खुला रहेगा।


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

उन्होंने लॉकडाउन पांच के मद्देनजर दिल्ली के लिए नई गाइडलाइंस के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने नाई की दुकानों (सैलून) को खोलने का फैसला लिया है, जबकि स्पा को फिलहाल नहीं खोला जाएगा।

उन्होंने कहा कि पहले ऑटो-रिक्शा पर सवारियों की सीमित संख्या को अनुमति दी गई थी लेकिन अब यह प्रतिबंध हटाया जा रहा है। इसके अलावा दुपहिया और चार पहिया गाड़ियों पर जो सवारियों पर प्रतिबंध था वो भी हटाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब दिल्ली में सभी दुकानें खुलेंगी, जबकि पहले ऑड-ईवन के तहत खोलने की अनुमति थी। केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक जरूरी सेवा वालों के अलावा कर्फ्यू लगा रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली का बॉर्डर आज से एक हफ्ते के लिए बंद कर दिया गया है।

केजरीवाल ने कहा, "5 जून तक हम दिल्ली के अस्पतालों में 9500 बेड का इंतजाम कर लेंगे। यदि दिल्ली का कोई भी व्यक्ति कोरोना से पीड़ित है और उसे अस्पताल में भर्ती होना है तो उसके लिए बेड उपलब्ध है। लेकिन अगर बॉर्डर खोल दिए गए तो यह सभी बेड 2 दिन के अंदर भर जाएंगे।"

इस विषय पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली वालों से उनकी राय मांगी है। मुख्यमंत्री ने कहा, "दिल्ली पूरे देश की है और हम यहां आने से किसी को रोक नहीं सकते। दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाएं पूरे देश में सबसे बेहतर हैं और यहां सरकारी अस्पतालों में सभी तरह का इलाज मुफ्त है। लेकिन कुछ सुझाव मिले हैं जिनके मुताबिक थोड़े समय के लिए दिल्ली के बॉर्डर सील कर दिए जाएं ताकि दिल्ली के अस्पतालों में दिल्ली में रह रहे लोगों का उपचार किया जा सके।"

इस विषय पर मुख्यमंत्री ने दिल्ली के लोगों से राय मांगी है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए 8800007722 नंबर जारी किया है। इस नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए लोग अपनी राय भेज सकते हैं या फिर 1031 नंबर पर अपने विचार रिकॉर्ड करा सकते हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली के बॉर्डर सील होने की स्थिति में आवश्यक सेवाओं में लगे व्यक्ति और सरकारी कर्मचारी अपना आई कार्ड दिखाकर दिल्ली में प्रवेश कर सकते हैं। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही भी सुचारू रूप से चलती रहेगी।"
 

समयलाइव डेस्क/आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment