केजरीवाल को आतंकवादी कहे जाने पर शहीदों के परिजनों में नाराजगी

Last Updated 03 Feb 2020 05:21:49 PM IST

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं की ओर से आतंकवादी कहने पर शहीदों के परिवार वालों में नाराजगी है।


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल( फाइल फोटो)

केजरीवाल ने आज एक वीडियो ट्वीट कर लिखा दिल्ली के वीर शहीदों के परिवारों से मिलिए। इन्हें आप से कुछ महत्त्वपूर्ण बात करनी है। इस वीडियो में शहीदों के परिजनों ने कहा कि आज तक ऐसा कोई मुख्यमंत्री नहीं हुआ, जिसने शहीदों के परिवार वालों का ध्यान रखा। ऐसे मुख्यमंत्री को आतंकवादी कह कर भाजपा ने शहादत का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल से एक करोड़ की सम्मान राशि मिलने से ही शहीदों का परिवार संभल पाया है।

दिल्ली पुलिस के शहीद जवान अमरपाल के पिता ने कहा ‘‘मेरा बेटा बहुत साहसी था। वास्तव में जो हमारी चिंता थी, जो हम चाहते थे। वह अब दूर हो गई। अरविंद जी पर जो आतंकवादी की व्यक्तिगत टिप्पणी की गई है, वह मैने अखबारों में पढ़ी है। बताओ, भाजपा के नेता उनको आतंकवादी कह रहे हैं। जो देश की सेवा, लोगों की सेवा कर रहा है, उसी को आतंकवादी कह रहे हैं। यह तो हद हो गई। बेशर्मी की बात है। सबके मन में बात बैठी हुई है कि केजरीवाल हमारे बेटे जैसा है और हमारा बहुत ध्यान रखता है।

नांगलोई में रहने वाले नरेंद्र ने बताया कि उनके पिता दिल्ली अग्नि शमन विभाग में नौकरी करते थे और 2016 में शहीद हो गए थे। दूसरी सरकार कभी भी यह सोच नहीं सकती थी कि यह आर्थिक मदद करने से शहीद के परिवार को इतनी मदद मिल जाएगी और केजरीवाल को आतंकवादी कहना बिल्कुल गलत है। केजरीवाल ने देश के लिए बहुत ही काम किए हैं और वह ऐसा कभी देश के प्रति सोच नहीं सकते हैं। वह पहले भी देशहित में थे और आगे भी रहेंगे। उनको आतंकवादी कहना उचित नहीं है।

अनिल कुमार मीणा ने बताया कि उनके पिता गुलजारी लाल दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल थे। पिता के शहीद होने पर मुख्यमंत्री केजरीवाल की तरफ से एक करोड़ रुपये की सहायता राशि मिली है जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुधरी। इसके लिए उनका बहुत बहुत धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने हमारे लिए इतना कुछ किया है। वह मुझे बहुत ही साधारण इंसान लगते हैं। उन्होंने हर चीज में लोगों के लिए बहुत कुछ किया है। वह आतंकवादी नहीं हैं।

रवि ने बताया ‘‘मेरे पिता दिल्ली पुलिस में एएसआई थे। मैं यह कहना चाहता हूं कि ऐसे शब्दों का प्रयोग नहीं होना चाहिए। राजनीति में हो या कहीं और हो, ऐसे बयान बिल्कुल नहीं देने चाहिए। अगर आप किसी मुख्यमंत्री को आतंकवादी कह रहे हैं, तो यह सरासर गलत है। लोगों को गुस्सा आने वाली बात है।"


गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और सांसद प्रवेश वर्मा की ओर से केजरीवाल को आतंकवादी कहे जाने पर आम आदमी पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी।
 

 



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment