तीस हजारी कोर्ट परिसर में बवाल, 10 पुलिसकर्मी व 8 वकील जख्मी, 17 वाहन फूंके

Last Updated 03 Nov 2019 01:59:33 AM IST

तीस हजारी कोर्ट परिसर में शनिवार दोपहर पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई।


दिल्ली : तीस हजारी कोर्ट परिसर में घटना के दौरान वाहन को आग के हवाले कर दिया गया।

घटना में एडिशनल डीसीपी हरेंद्र कुमार व एसएचओ कोतवाली, सिविल लाइंस, डीसीपी के ऑपरेटर समेत कुल 10 पुलिसकर्मिंयों को चोटें आई हैं। वहीं आठ वकील भी घायल हुए हैं। घटना के दौरान 17 वाहन भी आग के हवाले कर दिए गए हैं। पुलिस ने शनिवार देर रात दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन क्राइम ब्रांच के एसआईटी को सौंप दी है। पुलिस के अनुसार इस मामले में कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जाएगा। 
गुस्साए वकीलों ने पुलिस की एक जिप्सी को आग के हवाले कर दिया और नौ अन्य वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वकीलों ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ ही बदसलूकी की। उन्होंने देर शाम तक कोर्ट परिसर में जमकर बवाल काटा। वकीलों का आरोप है कि एक पुलिसकर्मी ने गोली चलाई थी, जिससे विजय शर्मा नामक वकील घायल हो गया, उसे स्टीफन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि पुलिस गोली चलाने से इंकार कर रही है। वकीलों कों कहना है कि इस घटना में दो अन्य वकील भी घायल हुए हैं।

उधर, वकीलों की पिटाई में कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। उन्हें अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वकीलों ने गोली चलाने वाले पुलिसकर्मी को  को बर्खास्त करने की मांग की है। तीस हजारी कोर्ट के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस और वकीलों में पार्किग को लेकर विवाद शुरू हुआ था। तभी अचानक फायरिंग की गई। इससे एक वकील घायल हो गया। इससे नाराज वकीलों ने हंगामा करते हुए पुलिस की एक जिप्सी में आग लगा दी और जेल वैन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद भी वकीलों का गुस्सा नहीं थमा।
उन्होंने कोर्ट परिसर में पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मामले की सूचना पाकर पहुंचे जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ भी बदसलूकी की। स्थानीय थाना प्रभारी के साथ भी हाथापाई की।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment