दिल्ली में आठ से लगेंगे सीसीटीवी कैमरे : केजरीवाल

Last Updated 04 Jun 2019 06:43:36 AM IST

दिल्ली में चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाने कीसत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की प्रमुख परियोजना चार साल संघर्ष के बाद अब परवान चढ़ने को है।


दिल्ली सचिवालय में सोमवार को मीडिया के सवालों का जवाब देते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उप मु़ख्यमंत्री मनीष सिसोदिया। फोटो : अनिल सिन्हा

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि इस परियोजना पर 8 जून से काम शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा  कि डेढ़ लाख सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव व टेंडर पास हो चुका है। 70 हजार कैमरे लगाने के लिए सव्रे का काम पूरा हो चुका है और अब 8 जून से शहर के विभिन्न हिस्सों में कैमरे लगाए जाएंगे।
इसके अलावा एक लाख 40 हजार कैमरे और लगाने का प्रपोजल भी इसी महीने पास हो जाएगा। इस तरह, पूरी दिल्ली में लगभग दो लाख 80 हजार कैमरे लगाये जाएंगे। इसके अलावा सरकारी स्कूलों के अंदर अलग से डेढ़ लाख सीसीटीवी कैमरे लग रहे हैं। सभी सरकारी स्कूलों के अंदर कैमरे लगाने का काम शुरू हो चुका है और नवम्बर तक सभी सरकारी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लग जाएंगे।

साल भर के अंदर सड़कों पर आ जाएंगी तीन हजार नई बसें : नई बसों को लेकर एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगले 10 से 12 महीने के अंदर 3000 नई बसें दिल्ली की सड़कों पर आ जाएंगी। इस सभी बसों में सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे। उन्होंने कहा कि इस महीने के आखिर तक 25 नई बसें आ जाएगी।  एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि डीटीसी की सभी बसों में मार्शल तैनात हैं। अब क्लस्टर बसों में भी मार्शल तैनात कर दिये जाएंगे। इस संबंध में मैंने आज निर्देश जारी कर दिये हैं। बसों में सफर कर रही बहुत सी महिलाओं को ये पता भी नहीं होता कि उनकी सुरक्षा के लिए बस में मार्शल मौजूद है। इसलिए अब बसों में पोस्टर भी लगा दिया जाएगा कि इस बस में मार्शल हैं। अगर आपको कोई दिक्कत है तो आप बताइये,मार्शल आपकी मदद के लिए आएगा।
महिलाओं को फ्री राइड देने से नहीं बढ़ेगी मेट्रो में भीड़ : सीएम : मेट्रो में फ्री में महिलाओं को सफर करने की सुविधा दिये जाने से मेट्रो में भीड़ बढ़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेट्रो फेस-3 का काम पूरा होने पर तब के डीपीआर के हिसाब से रोजाना 40 लाख यात्री मेट्रो में सफर कर सकेंगे। मार्च 2017 में 28 लाख लोग रोजाना मेट्रो से सफर करते थे। उसके बाद मेट्रो ने किराये बढ़ा दिये। अब रोजाना लगभग 25 लाख लोग मेट्रो से सफर करते हैं। इस तरह मेट्रो की क्षमता रोजाना 40 लाख लोगों को सफर करवाने की है, लेकिन केवल 25 लाख लोग ही मेट्रो में रोजाना सफर करते हैं। इन 25 लाख में मोटे तौर पर 30 फीसद यानी तकरीबन आठ लाख महिलाएं रोजाना मेट्रो से सफर करती हैं। अगर इस स्कीम से मेट्रो में सफर करने वाली महिलाओं की संख्या में 10 फीसद इजाफा भी हो जाता है तो ये आंकड़ा करीब एक लाख तक ही बढ़ेगा। इस तरह अभी मेट्रो में रोजाना 25 लाख लोग सफर करते हैं। इस स्कीम के बाद संभव है कि ये आंकड़ा 26 लाख हो जाए जो कि मार्च 2017 के 28 लाख के आंकड़े से कम ही है। यानी इस स्कीम से मेट्रो में भीड़ बढ़ने की बात में दम नहीं है।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में फीमेल वर्कफोर्स पार्टििसपेशन 27 फीसद है, जबकि दिल्ली में ये केवल 11 फीसद है। इससे साफ है कि दिल्ली में काम करने वाली महिलाओं की संख्या काफी कम है। हम उम्मीद करते हैं कि महिलाओं के लिए फ्री सफर की स्कीम लागू हो जाने के बाद ज्यादा से ज्यादा महिलाएं काम पर निकलने के लिए प्रोत्साहित होंगी।

 

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment