महिला मतदाताओं के लिए दिल्ली में बनेंगे गुलाबी मतदान केन्द्र

Last Updated 02 Apr 2019 06:05:04 AM IST

लोकसभा चुनाव में मतदान के दौरान मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने एक विशेष योजना बनाई है।


प्रेसवार्ता में दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह।

इसके तहत सातों संसदीय क्षेत्रों में महिलाओं के लिए एक-एक गुलाबी मतदान केन्द्र बनाने के साथ प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक आदर्श मतदान केन्द्र और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष मतदान केन्द्र बनाए जाएंगे। यह जानकारी सीईओ रणबीर सिंह ने सोमवार को दी। इस अवसर पर विशेष सीईओ सतनाम सिंह और विशेष पुलिस आयुक्त (चुनाव) प्रवीर रंजन भी मौजूद थे।
संवाददाताओं को संबोधित करते हुए सीईओ रणबीर सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में 70 प्रतिशत मतदान कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता शिक्षा अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं को ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में एक महिला मतदान केन्द्र बनाया जाएगा, जिसे गुलाबी रंग से रंगा जाएगा। इस केन्द्र में चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मिंयों से लेकर सुरक्षागार्ड तक का जिम्मा महिलाकर्मिंयों को सौंपा जाएगा। इस व्यवस्था से जहां महिलाएं सहज और सौहार्दपूर्ण माहौल में मतदान करने के लिए प्रेरित होंगी, वहीं उन्हें वीआईपी (अति विशिष्ट व्यक्ति) होने जैसा एहसास होगा।

विशेष दिव्यांग बूथ में मतदान करने व कराने वाले भी होंगे दिव्यांग :  सीईओ ने बताया कि लोकसभा चुनाव के दौरान दिव्यांग मतदाताओं का भी ध्यान रखा जाएगा। इस संबंध में तमाम जिला निर्वाचन अधिकारियों से कहा गया कि वे दिव्यांग मतदाताओं और दिव्यांग चुनाव कर्मिंयों को प्रोत्साहित करने के लिए अपने-अपने जिले में कम से कम एक विशेष दिव्यांग मतदाता बूथ जरूर बनाएं। इस बूथ में दिव्यांग कर्मिंयों को ही तैनात किया जाए और वहां दिव्यांग मतदाताओं से मतदान कराया जाए।
मतदाताओं के लिए फिर बनेगा आदर्श मतदान केन्द्र : मतदान केन्द्र के प्रवेश द्वार से लेकर अंदर तक बिछा हुआ रेड कारपेट और चारों तरफ रंग-बिरंगे फूलों की सजावट, मतदाताओं को इस बार फिर नजर आएगी। दरअसल, सीईओ रणबीर सिंह ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक आदर्श मतदान केन्द्र (मॉडल वोटिंग सेंटर) बनाने के निर्देश जारी किए हैं। इन केन्द्रों में दिव्यांगों, बुजुगरे और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। दिव्यांगों की सहायता के लिए जहां वॉलंटियर के साथ व्हीलचेयर का इंतजाम रहेगा, वहीं ज्यादा चलने-फिरने में असमर्थ बुजुगरे को मतदान केन्द्र के प्रवेश द्वार पर ई-रिक्शा मुहैया कराया जाएगा। दिल्ली के 2686 मतदान केन्द्रों में से 70 आदर्श मतदान केन्द्र, 7 गुलाबी मतदान केन्द्र (महिला) और सात विशेष दिव्यांग केन्द्र बनाए जाएंगे।

 

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment