अजय माकन ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

Last Updated 04 Jan 2019 10:00:13 AM IST

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। माकन ने अपने इस्तीफे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी का शुक्रिया अदा किया है।


अजय माकन का दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा (फाइल फोटो)

माकन ने शुक्रवार सुबह ट्वीट कर राहुल गांधी को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘‘2015 विधानसभा चुनाव के बाद से ही उन्हें दिल्ली के सभी नेताओं का सहयोग मिला, कठिन परिस्थितियों में ये आसान नहीं था। इसके लिए हृदय से आभार!’’

उन्होंने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि माकन ने गुरुवार को दिल्ली के प्रभारी पीसी चाको के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी। अजय माकन ने इस्तीफे को लेकर अपने स्वास्थ्य को मुख्य कारण बताया है।

बता दें कि माकन का स्वास्थ्य पिछले काफी समय से खराब चल रहा था। अभी कुछ दिन पहले ही उनके इस्तीफे की खबरें आई थीं, हालांकि बाद में उन्होंने इसका खंडन किया था और कहा था कि वह इलाज करा रहे हैं। अब एक बार फिर उन्होंने इस बारे में ट्वीट किया।

दिल्ली की राजनीति में इन दिनों अचानक हलचल बढ़ी है और लोकसभा चुनाव से पहले इस प्रकार की अटकलें लगाई जा रही थीं कि दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हाथ मिला सकते हैं। माकन आप के साथ दिल्ली में गठबंधन के पक्ष में नहीं थे और उनके इस्तीफे के बाद दोनों दलों के बीच समझौता होने की अटकलें लगायी जा रही हैं।

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment