इंदौर में कुत्ता घुमाने के विवाद में गार्ड ने छत से की फायरिंग, 2 लोगों की मौत, छह घायल

Last Updated 18 Aug 2023 10:11:57 AM IST

इंदौर में गुरूवार देर रात को कुत्ता घुमाने की मामूली सी विवाद में सनसनीखेज गोलीकांड का मामला सामने आया है।


शहर के खजराना थाना क्षेत्र में कृष्णाबाग कॉलोनी में कुत्तों को घुमाने को लेकर बैंक के गार्ड ने पड़ोसियों से विवाद के बाद अपनी छत से लाइसेसी बंदूक से दनादन गोलियां चला दीं। गोलीबारी की इस घटना में पड़ोस में रहने वाले जीजा-साले की मौत हो गई है। वहीं छह अन्य घायल है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

छत से फायरिंग करते हुए गार्ड का वीडियो सामने आया है।  घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल हो गया।

खजराना थाना क्षेत्र के पुलिस ने आरोपी राजपाल को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी बंदूक और लाइसेंस भी बरामद कर ली गई है।

वहीं इस घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी छत की बालकनी से अंधाधुंध फायरिंग कर रहा है। मृतक राहुल और विमल रिश्ते में जीजा-साले हैं। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

बताया जा रहा है कि गार्ड राजपाल रजावत गुरूवार रात  10:30 बजे के करीब पालतू कुत्ते को टहला रहा था। इस दौरान गली के कुत्ते उसके ऊपर भौंकने लगे। तभी अपने घर के बाहर बैठे विमल और राहुल के परिवार से गार्ड का झगड़ा हो गया, जिससे बड़ा विवाद खड़ा हो गया। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी राजपाल अपनी छत पर गया और लाइसेसी बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी।

इस फायरिंग में राहुल और विमल को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। ज्योति (30) पति राहुल, सीमा ( 36 ) पति सुखराम, कमल (50) पिता कड़वा, मोहित (21) पिता भीम सिंह, ललित (40) पिता नारायण बोरसे और प्रमोद सभी एमवायएच में भर्ती है।

पड़ोसियों ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

पड़ोसियों के अनुसार कुत्ते की वजह से आरोपी राजपाल का हर दिन विवाद होता रहता था। लोगों के समझाने पर भी उसपर कोई असर नहीं हो रहा था। राजपाल सुखलिया इलाके में एक बैंक में गार्ड की नौकरी करता है। हत्याकांड के बाद परिवार के बाकी सदस्य घर से भाग गए हैं।

 

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment