शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार कल, 25 नेता ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ
मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान सरकार के मंत्रिमंडल के दूसरे विस्तार को लेकर चल रही अटकलबाजी पर विराम लग गया है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि मंत्रिमंडल का विस्तार कल (गुरुवार) होगा।
![]() मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान |
मुख्यमंत्री चौहान ने बुधवार को 'किल कोरोना' अभियान की शुरुआत करने के बाद संवाददाताओं के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि कल प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार हेागा। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल आज शपथ ले रही हैं और कल मंत्रिमंडल शपथ ले लेगा।
राज्य भाजपा में पनप रहे असंतोष और मंत्रिमंडल को लेकर पार्टी में चल रहे मंथन के सवाल पर चौहान ने कहा कि मंथन में तो अमृत निकलता है, विष तो शिव पी जाते है।
मुख्यमंत्री चौहान दो दिन दिल्ली में रहने के बाद मंगलवार को भोपाल लौटे और उनका दिल्ली प्रवास मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर था। संभावना जताई जा रही थी कि आने वाले एक-दो दिन में मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने मंत्रिमंडल को लेकर चल रही कायसबाजी पर विराम लगा दिया है।
राज्य में भाजपा की सरकार बने तीन माह से ज्यादा का वक्त गुजर गया है। मंत्रिमंडल विस्तार की अरसे से चर्चा चल रही है। अभी तक सिर्फ मुख्यमंत्री के शपथ लेने के बाद पांच मंत्रियों को ही शपथ दिलाई जा सकी है। मंत्रिमंडल के दूसरे विस्तार की दो माह से कवायद जारी है। 25 मंत्रियों को दूसरे विस्तार में शपथ दिलाई जा सकती है।
| Tweet![]() |