Love Jihad और यौन शोषण के मामले में पीड़िता मॉडल ने रांची Court में दर्ज कराया बयान

Last Updated 08 Jun 2023 03:58:36 PM IST

रांची में मॉडलिंग इंस्टीट्यूट के संचालक तनवीर अख्तर पर लव जिहाद और यौन शोषण का आरोप लगाने वाली मॉडल मानवी राज सिंह ने गुरुवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच रांची में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की कोर्ट में सीआरपीसी की धारा 164 के तहत अपना बयान दर्ज कराया।


Love Jihad और यौन शोषण के मामले में पीड़िता मॉडल ने रांची Court में दर्ज कराया बयान

मॉडल ने एफआईआर में तनवीर पर लगाए गए आरोपों को दोहराया है। उसने बयान में पूरे घटनाक्रम के बारे में विस्तार से बताया है।

मॉडल बुधवार को मुंबई से रांची पहुंची। पुलिस उसका मेडिकल और कोविड टेस्ट कराने के बाद बयान दर्ज कराने के लिए ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट सृष्टि घई की अदालत में लेकर पहुंची। उसके साथ केस के आईओ विवेक कुमार भी थे। इसके पहले मॉडल ने तनवीर पर लगाए गए अपने आरोपों के समर्थन में पुलिस को कई और सबूत सौंपे हैं। इसमें कुछ ऑडियो और चैट के स्क्रीनशॉट हैं।

बता दें कि मॉडल मानवी राज सिंह मूल रूप से बिहार के भागलपुर की रहनेवाली है और इन दिनों मुंबई में रहकर मॉडलिंग करती है। उसने मुंबई के वसोर्वा थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप लगाया है कि वह वर्ष 2021 में मॉडलिंग सीखने रांची आई थी। उसने गूगल सर्च के लिए यश मॉडलिंग इंस्टीट्यूट का पता निकाला था।

यहां एडमिशन के वक्त संचालक ने अपना नाम यश बताया था। 21 मार्च 2021 को वह इंस्टीट्यूट में दोस्तों के साथ होली खेल रही थी। पार्टी के दौरान कोल्ड ड्रिंक में उसे नशा दे दिया गया। इंस्टीट्यूट के संचालक ने उसकी न्यूड फोटो उतार ली और उसका रेप किया। इसके बाद वह न्यूड वीडियो और फोटो दिखाकर उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा। बाद में उसे पता चला कि संचालक का नाम तनवीर अख्तर है। मॉडल का कहना है कि तनवीर ने उसकी अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी थी। बात नहीं मानने पर उसकी मां और भाई तक को अश्लील तस्वीरें भेज दी थी जिस वजह से 13 सितंबर 2022 को उसने आयुष मेडिकल बिल्डिंग से कूदकर जान देने की कोशिश की थी पर कूदने से पहले एक महिला ने उसे पकड़ लिया।

बाद में वह मॉडलिंग के लिए मुंबई आ गई, लेकिन तनवीर उसपर शादी और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाता रहा। मॉडल का यह भी कहना है कि फिल्म केरला स्टोरी देखने के बाद उसमें हिम्मत आई और उसने साहस कर तनवीर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उसने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए झारखंड के सीएम से लेकर पीएम तक से सोशल मीडिया पर न्याय की गुहार लगाई।

मुंबई पुलिस ने मॉडल की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज करने के बाद उसे रांची पुलिस को ट्रांसफर कर दिया। रांची पुलिस ने गोंदा थाने में एफआईआर दर्ज की और इसके बाद पुलिस की एक टीम ने मुंबई जाकर मॉडल से पूछताछ की थी। इस बीच रांची पुलिस ने तनवीर की तलाश में रांची में विभिन्न स्थानों से लेकर बिहार के शेरघाटी स्थित उसके पैतृक आवास में भी दबिश दी, लेकिन अब तक वह पकड़ से बाहर है। खबर है कि तनवीर यह मामला दर्ज होने के बाद विदेश भाग गया है।

आईएएनएस
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment