झारखंड के घाटशिला में बाघिन की मौजूदगी की चेतावनी

Last Updated 16 Jan 2020 03:58:39 PM IST

झारखंड सरकार ने ग्रामीणों और पिकनिक पर आए लोगों के लिए चेतावनी जारी की है कि पूर्वी सिंहभूम जिले के दैनमारी जंगल में एक बाघिन मौजूद है।


एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि बाघिन के पंजों के निशान मिलने के बाद यह चेतावनी जारी की गई।      

संभागीय वन अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि सोमवार को घाटशिला उप संभाग के जंगल में बाघिन और एक शावक के पंजों के निशान मिले थे।

दरअसल स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को बताया था कि उनका एक मवेशी लापता है और दूसरा घायल अवस्था में मिला है।      

उन्होंने बताया, ‘‘वैसे तो बाघिन और शावक को किसी ने देखा नहीं है लेकिन हमने ग्रामीणों को सलाह दी है कि वे लकड़ी इकट्ठा करने जंगल में नहीं जाएं और न ही अपने मवेशियों को वहां चरने के लिए छोड़ें।’’ 

कुमार ने बताया कि बाघिन और शावक के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को एहतियाती तौर पर अपने मवेशियों को रात में बाहर खुले में नहीं रखने और अपने घरों के बाहर आग नहीं जलाने का सुझाव दिया गया है। दैनमारी जंगल यहां के लोकप्रिय पिकनिक स्थल बुरुडीह बांध से पांच किमी दूर है। 

उन्होंने बताया कि वन में बाघिन की मौजूदगी के बारे में पिकनिक पर आने वाले लोगों को भी चेता दिया गया है। 

उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि ओडिशा के सिमलीपाल बाघ अभ्यारण्य से बाघिन यहां आई होगी।      
 

भाषा
जमशेदपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment