प्रधानमंत्री मोदी के साथ योग दिवस मनाने को रांची तैयार

Last Updated 18 Jun 2019 03:02:01 PM IST

प्रधानमंत्री शुक्रवार को यहां आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जिसे लेकर झारखंड में तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही है।


कार्यक्रम प्रभात तारा मैदान में आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री रघुबर दास, मंत्रियों और राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों सहित 18 हजार लोगों के साथ योग सत्र में शामिल होंगे।

ऐसा माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार रात यहां पहुंचेंगे और राज भवन में विश्राम करेंगे।

झारखंड के मुख्य सचिव डी. के तिवारी ने मानसून को ध्यान में रखते हुए तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।

मानसून के 20 जून तक राज्य में आने की संभावना है।

योग प्रदर्शन करने वालों के लिए 40 सेक्टर होंगे और प्रत्येक में 400 से 800 लोग बैठेंगे। आठ मेडिकल हट का भी निर्माण किया जाएगा।

सुरक्षा के मुद्दों को देखने के लिए एक विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) की टीम यहां पहुंच गई है। सरकार के सूत्रों के मुताबिक, प्रभात तारा मैदान में राज्य के लगभग चार हजार सुरक्षाकर्मी और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया जाएगा।

अपने साथ प्रधानमंत्री मोदी को योग करते देखने के लिए स्थानीय लोग काफी उत्साहित हैं।

रांची निवासी सुनीता यादव ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ योग करना गर्व की बात है। हम उत्सुकता से इसका इंतजार कर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि हम मोदी जी के साथ एक सेल्फी क्लिक करा सकेंगे।"

आईएएनएस
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment