बिहार के उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से केला किसानों को भारी बारिश और तेज आंधी से हुए नुकसान की मांगी रिपोर्ट

Last Updated 13 Aug 2024 07:02:41 AM IST

बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केला किसानों की फसल की क्षति की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को भागलपुर और खगड़िया के जिलाधिकारियों को तलब किया और फसल क्षति आकलन करने का निर्देश देते हुए रिपोर्ट मांगी।


बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

बिहार के भागलपुर एवं खगड़िया जिले के केला उपजाने वाले किसानों ने फोन पर उप मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि हाल के दिनों में भारी बारिश और तेज आंधी से केले की फसल की व्यापक क्षति हुई है। इससे यहां के केला उपजाने वाले किसानों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ा है।

इस पर उपमुख्यमंत्री ने तत्काल भागलपुर और खगड़िया के जिला अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों जिलों में टीम गठित कर फसल क्षति का आकलन करें एवं रिपोर्ट उपलब्ध करायें, जिससे पीड़ित किसानों को हुई क्षति की भरपाई की जा सके। उन्होंने फसल क्षति के नुकसान पर चिंता जताई है।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी कराया जायेगा। बता दें कि राज्य में बीते दिनों तेज बारिश और आंधी से केला और मक्का के किसानों को भारी नुकसान हुआ है। किसानों के मुताबिक, केला अब लगभग कटने को तैयार है। बारिश और आंधी के कारण तैयार फसल के नुकसान होने उनके अरमानों पर पानी फिर गया है।

उल्लेखनीय है कि बिहार के 12 जिलों में केले की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। इनमें वैशाली, सारण, समस्तीपुर, कटिहार, मधेपुरा, खगड़िया, पूर्णिया, भागलपुर, गोपालगंज, किशनगंज, पश्चिमी चंपारण और पूर्वी चंपारण शामिल है। दूसरे जिलों में भी केले की खेती का धीरे-धीरे विस्तार हो रहा है। बिहार का केला विदेश भी भेजा जाता है।

आईएएनएस
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment