बिहार में एनडीए 30, ‘इंडिया’ नौ सीटों पर विजयी

Last Updated 05 Jun 2024 10:13:08 AM IST

18 वीं लोकसभा के चुनाव परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिये गये। सूबे की 40 लोकसभा सीटों पर सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई और देर शाम तक सभी परिणाम घोषित कर दिये गये। बिहार के 33 जिला मुख्यालयों पर मतगणना संपन्न हुई।


बिहार में एनडीए 30, ‘इंडिया’ नौ सीटों पर विजयी

इस चुनाव में सत्ताधारी एनडीए को 30 सीटों पर जीत मिली तो मुख्य विपक्षी गठबंधन को नौ सीटों से संतोष करना पड़ा। हालांकि 2019 के चुनाव की तुलना में एनडीए को नौ सीटों का नुकसान उठाना पड़ा है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दलित और अतिपिछड़ा के साथ-साथ महिला मतदाताओं पर आज भी मजबूत पकड़ बरकरार है।

एनडीए में शामिल जदयू ने 12, भाजपा ने 12, लोजपा ने पांच और हम ने एक सीट पर जीत दर्ज की तो महागठबंधन में शामिल पार्टियों में राजद को चार, कांग्रेस को तीन और भाकपा माले को दो सीटों से संतोष करना पड़ा है। जबकि एक सीट पर निर्दलीय राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने जीत दर्ज की है।

इस चुनाव में कई दिग्गजों को हार का मुंह देखना पड़ा है। केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा, रामकृपाल यादव,अली अशरफ फातमी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी, पूर्व मंत्री ललित कुमार यादव, आलोक मेहता,कुमार सर्वजीत चुनाव हार गये। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, बिहार विधान परिषद के सभापति देवेशचंद्र ठाकुर,मीसा भारती, पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर, राजेश रंजन यादव उर्फ पप्पू यादव को जीत मिली है।

जदयू को 12 सीटों पर कामयाबी मिली है। वाल्मीकिनगर से जदयू के सुनील कुमार ने जीत दर्ज की। सुनील कुमार ने राजद के दीपक यादव को हराया। पश्चिम चंपारण से भाजपा ने संजय जायसवाल ने जीत दर्ज की है। संजय जायसवाल ने कांग्रेस के मदन मोहन तिवारी को पराजित किया।

पूर्वी चंपारण से भाजपा के राधामोहन सिंह ने जीत दर्ज की है। उन्होंने वीआईपी के राजेश कुशवाहा को पराजित किया। शिवहर से जदयू की लवली आनंद ने जीत दर्ज की है। लवली आनंद ने राजद की रितु जायसवाल को पराजित किया। सीतामढ़ी से जदयू के देवेशचंद्र ठाकुर ने जीत दर्ज की है। उन्होंने राजद के अजरुन राय को पराजित किया। मधुबनी से भाजपा के अशोक यादव ने जीत दर्ज की है। उन्होंने राजद के अली अशरफ फातमी को पराजित किया।

झंझारपुर से जदयू के रामप्रीत मंडल ने जीत दर्ज की है। उन्होंने वीआईपी के सुमन महासेठ को पराजित किया। सुपौल से जदयू के दिलेर कामत ने जीत दर्ज की है। उन्होंने राजद के चंद्रहास चौपाल को पराजित किया। अररिया से भाजपा के प्रदीप कुमार सिंह ने जीत दर्ज की है। उन्होंने राजद के शाहनवाज को पराजित किया। कटिहार से कांग्रेस से तारिक अनवर ने जीत दर्ज की है। पूर्णिया से निर्दलीय राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने जीत दर्ज की है।

उन्होंने कांटे के मुकाबले में जदयू के संतोष कुशवाहा को पराजित किया। उन्होंने जदयू के दुलाल चंद्र गोस्वामी को पराजित किया। मधेपुरा से जदयू के दिनेशचंद्र यादव ने जीत दर्ज की है। उन्होंने राजद के कुमार चंद्रदीप को पराजित किया। दरभंगा से भाजपा के गोपाल जी ठाकुर ने जीत दर्ज की है।

उन्होंने राजद के ललित कुमार यादव को पराजित किया। मुजफ्फरपुर से राजद के राज भूषण निषाद ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के अजय निषाद को पराजित किया। वैशाली से लोजपा (आर) की वीणा देवी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने राजद के विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला को पराजित किया। गोपालगंज से जदयू के डॉ.आलोक कुमार सुमन ने वीआईपी के प्रेमनाथ चंचल उर्फ चंचल पासवान को पराजित किया। सीवान से जदयू की विजय लक्ष्मी देवी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने निर्दलीय हिना शाहेब को पराजित किया है।

समय लाइव डेस्क
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment