Bihar Politics: पाला बदलने की अटकलों के बीच BJP नेता अश्विनी चौबे संग दिखे नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव नदारद
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे की मौजूदगी में शनिवार को बक्सर जिले के ब्रह्मपुर में प्रसिद्ध बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य की शुरुआत की।
|
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक बार फिर पाला बदलने की अटकलों के बीच, जनता दल यूनाइटेड (जद-यू) प्रमुख ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे की मौजूदगी में शनिवार को बक्सर जिले के ब्रह्मपुर में प्रसिद्ध बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य की शुरुआत की।
हालांकि, इस कार्यक्रम से उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव नदारद रहे।
Buxar, Bihar: CM Nitish Kumar, in the presence of Union Minister Ashwini Choubey, performed puja at the Brahmeshwarnath Temple and inaugurated the first phase of development work for the temple. He also laid the foundation for the second phase of development work. pic.twitter.com/B3DoM7WNWx
— ANI (@ANI) January 27, 2024
बिहार के पर्यटन विभाग की ओर से शुरू की जा रही इस परियोजना के उदघाटन के अवसर पर नीतीश के पार्टी सहयोगी एवं मंत्री अशोक चौधरी भी उनके साथ रहे, लेकिन तेजस्वी सहित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कोई भी नेता मौजूद नहीं रहे, जबकि पयर्टन विभाग तेजस्वी यादव के पास है।
राज्य में राजनीतिक अनिश्चितता को लेकर जारी अटकलों को शुक्रवार को उस समय और बल मिला जब नीतीश कुमार ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर यहां राजभवन में आयोजित जलपान समारोह में भाग लिया, लेकिन उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव शामिल नहीं हुए।
राजभवन में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा सहित अन्य आगंतुकों से अभिवादन स्वीकार करते देखा गया।
समारोह से बाहर निकलते हुए, उपमुख्यमंत्री के समारोह में शामिल नहीं होने के सवाल पर कुमार ने संवाददाताओं से कहा था, ‘‘यादव और विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी सहित राजद के अन्य नेता इस टिप्पणी करें कि वे (तेजस्वी यादव एवं पार्टी के अन्य नेता) समारोह में क्यों नहीं आये।’’
राजद की ओर से केवल राज्य के शिक्षा मंत्री आलोक मेहता समारोह में शामिल हुए थे।
हालांकि, न तो मेहता और न ही राजद के किसी अन्य नेता ने यादव की अनुपस्थिति पर कोई टिप्पणी की है।
प्रसिद्ध बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ के सौंदर्यीकरण कार्य के उद्घाटन के तुरंत बाद मुख्यमंत्री पटना के लिए रवाना हो गये।
बक्सर से सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने मीडिया से ज्यादा बातचीत नहीं की और वह भी कार्यक्रम स्थल से चले गये।
जब उनसे विशेष रूप से उनकी उपस्थिति का कारण पूछा गया तो चौबे ने कहा, ‘‘जब मैंने पहली बार बक्सर से लोकसभा चुनाव लड़ा था तो मैं मुख्यमंत्री के साथ इस मंदिर में आया था। इस बार भी जब मुख्यमंत्री उद्घाटन के लिए आये तो मैं यहां आया। इस पर टिप्पणी करने के लिए कुछ भी नहीं है।’’
जुलाई 2022 में मुख्यमंत्री ने बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर में सौंदर्यीकरण परियोजना का शिलान्यास किया था।
यह भगवान शिव का एक प्राचीन मंदिर है। भक्त पूरे वर्ष विशेष रूप से फाल्गुन और श्रावण माह के दौरान पूजा करने के लिए मंदिर में आते हैं।
स्थानीय लोग पिछले कई वर्षों से मांग कर रहे हैं कि ब्रह्मपुर मंडल के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ के नाम पर रखा जाए।
| Tweet |