बंगाल में रामनवमी से शुरू हुई हिंसा की लपटों में बिहार भी झुलसा
बंगाल में हुई हिंसा की शुरुआत के बाद बिहार के अलग-अलग शहरों में रामनवमी पर आगजनी और हिंसा हुई।
![]() बंगाल में रामनवमी से शुरू हुई हिंसा की लपटों में बिहार भी झुलसा |
इसमें नालंदा जिले के बिहारशरीफ में रामनवमी के दिन दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में पत्थरबाजी और कई राउंड फायरिंग हुई। हिंसक झड़प में पांच लोगों को गोली लगी।
उधर, सासाराम में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद में पत्थरबाजी, वाहनों में तोड़फोड़ और कई झोपड़ीनुमा दुकानों में दंगाइयों ने आग लगा दी। बिहार में हिंसा की ये आग रामनवमी से शुरू होकर आज भी जारी है। सोमवार को भी सासाराम में धमाके की आवाज सुनी गई है। इससे पहले शनिवार रात को नालंदा के बिहारशरीफ में हुई हिंसा में एक शख्स की मौत हो गई थी। वहीं, रोहतास के सासाराम में भी शनिवार को बम ब्लास्ट में छह लोग घायल हो गए थे। इन दोनों जगहों पर कई राउंड फायरिंग भी हुई है।
उपद्रवियों के खिलाफ करें कड़ी कार्रवाई : मुख्यमंत्री
बिहारशरीफ और सासाराम में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई घटना को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को उच्चस्तरीय बैठक कर ताजा स्थिति की जानकारी ली। एक अणो मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में मुख्य सचिव आमिर सुबहानी एवं पुलिस महानिदेशक आरएस भट्ठी की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे और पूरी मुस्तैदी के साथ सभी चीजों पर लगातार नजर बनाये रखें। उन्होंने उपद्रवियों की पहचान कर उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया और कहा कि किसी भी परिस्थिति में कोई गड़बड़ी नहीं कर पाये, इस पर नजर रखें।
उन्होंने विधि-व्यवस्था को पूरी तरह से मेंटेन रखने और अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलों के डीएम और एसपी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अविलंब वार्ता कर पूरी जानकारी लेने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रेस वार्ता कर मीडिया को वस्तुस्थिति की जानकारी दें, ताकि कोई अफवाह न फैले और लोग भ्रमित न हों। मुख्यमंत्री ने पटना प्रमंडल के आयुक्त, शाहाबाद रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक तथा रोहतास और नालंदा के डीएम और एसपी से वार्ता कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने बिहारशरीफ में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई घटना में मृत व्यक्ति के पिता एवं भाई से दूरभाष पर बात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और घटना की पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मृत व्यक्ति के निकटतम परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपए का अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आरएस भट्ठी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ तथा अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
शांति भंग करने वालों पर कसेगा कानून का शिंकजा : डीजीपी
रामनवमी के मौके पर सासाराम और बिहारशरीफ में हुए हिंसा मामले को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य सचिव आमिर सुबहानी और पुलिस महानिदेशक आर एस भट्टी के साथ बैठक की। इसके साफ तौर पर गड़बड़ी करने वाले लोगों पर शिंकजा कसने का निर्देश दिया गया। इस बैठक के बाद मुख्य सचिव आमिर सुबहानी और पुलिस महानिदेशक आर एस भट्टी ने पटना पुलिस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया, जिसमें मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने कहा कि रामनवमी के मौके पर सभी जिलों में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। बिहारशरीफ और सासाराम में अशांति फैलाने की कोशिश की गई। लेकिन प्रशासन की तरफ से बहुत जल्दी स्थिति पर काबू पा लिया गया।
उन्होंने कहा की राज्य में ऐसे तत्व हैं जिन्होंने शांति भंग करने की कोशिश की। उन पर कानूनी शिंकजा कसा जाएगा। वहीं पुलिस महानिदेशक आर एस भट्टी ने कहा की बिहारशरीफ और सासाराम में स्थिति काबू में है। दोनों जगहों पर पुलिस ने कुल 109 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा की किसी भी असामाजिक तत्व को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि आगे हम पूरी तरह विास है इस तरह की घटना अब नहीं होगी। उन्होंने कहा की इस घटना में एक शख्स की मौत हुई है। वहीं पुलिस महानिदेशक श्री भट्ठी ने कहा की सासाराम में बम फेंका नहीं गया था। बम बनाने के कम में हादसा हुआ था।
केंद्र का बिहार हिंसा पर एक्शन
बिहार के हालातों को लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को बिहार के राज्यपाल से बातचीत की थी, गृहमंत्री ने कहा कि कुछ कंपनियां बिहार के संवेदनशील इलाकों में तैनात की गई है। उन्होंने कहा कि अर्धसैनिक बलों की तैनाती राज्य पुलिस को सहयोग करने के लिए और राज्य में शांति स्थापित करने के लिए है। गृहमंत्री ने कहा कि कुछ कंपनियां बिहार के संवेदनशील इलाकों में तैनात की गई हैं और कुछ कंपनियां आज पहुंच जाएंगी। उन्होंने कहा कि अर्धसैनिक बलों की तैनाती राज्य पुलिस को सहयोग करने के लिए और राज्य में शांति स्थापित करने के लिए है। 10 पैरामिलिट्री की कंपनियों को बिहार भेजा गया है। इसमें CRPF, SSB और ITBP के जवान शामिल हैं।
नालंदा के डीएम ने बताया कि अब तक के सांप्रदायिक हिंसा मामले में 130 से भी ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अन्य की तलाश जारी है। डीएम का कहना है कि कई नाबालिगों की भी सांप्रदायिक हिंसा में समरूपता पाई गई है। वीडियो फुटेज के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। रात के वक्त शांति बहाल करना अभी भी प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। आज रैपिड एक्शन फोर्स की भी दो अतिरिक्त कंपनियां ग्राउंड जीरो पर उतारी गई हैं। जो रात के वक्त संवेदनशील इलाकों में गश्ती करेंगी। जानकारी के मुताबिक सासाराम में अबतक 43 लोगों को अरेस्ट किया गया है।
| Tweet![]() |