बिहार के पंचायती राज मंत्री कपिल कामत का निधन, CM नीतीश कुमार ने जताया शोक

Last Updated 16 Oct 2020 11:13:05 AM IST

बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता एवं पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत का आज तड़के निधन हो गया। वह 69 वर्ष के थे।


पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत (फाइल फोटो)

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कद्दावर नेता एवं पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत के असामयिक निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह जमीन से जुड़े राजनेता थे।

पारिवारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि कोरोना से संक्रमित होने के बाद करीब एक सप्ताह पहले उन्हें पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। हालांकि वह पहले से किडनी रोग से जूझ रहे थे। एक दिन के अंतराल पर उनका डायलिसिस किया जा रहा था। अचानक स्थिति नाजुक होने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ और अंतत: उनका निधन हो गया।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को शोक संदेश में कहा, “श्री कामत जमीन से जुड़े राजनेता थे। वह मंत्रिमंडल में मेरे सहयोगी थे। वह एक कुशल प्रशासक एवं लोकप्रिय राजनेता थे। उनके असामयिक निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से दुख पहुंचा है। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।” कोविड काल के लिए वर्तमान में लागू दिशा-निर्देश के तहत राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

कामत मधुबनी जिले के बाबूबरही से विधायक थे

मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के काफी करीबी माने जाने वाले कामत मधुबनी जिले के बाबूबरही से विधायक थे। जदयू ने कामत की खराब तबीयत को ध्यान में रखते हुए इस बार के विधानसभा चुनाव में उनकी बहु मीना कामत को बाबूबरही से अपना उम्मीदवार बनाया है।
 

वार्ता
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment