लोकसभा चुनाव : दूसरे चरण के लिए बिहार में तैयारियां पूरी

Last Updated 17 Apr 2019 07:23:14 PM IST

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत बिहार की पांच लोकसभा सीटों पर गुरूवार को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।


बिहार की पांच लोकसभा सीटों पर मतदान

अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमारसिंह ने बताया कि भागलपुर, बांका, कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया में कल होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। उन्होंने कहा कि इन संसदीय क्षेत्रों में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस बल के साथ पूर्णिया में हेलीकॉप्टर भी तैनात रहेंगे। पटना में एयर एंबुलेंस भी तैनात रहेगा तथा 154 जगहों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गयी है।    

उन्होंने बताया कि बांका संसदीय क्षेत्र के दो विधानसभा क्षेत्रों कटोरिया और बेलहर को छोडकर पांचों संसदीय क्षेत्र में मतदान का समय कल सुबह सात बजे से अपराह्न छह बजे तक निर्धारित किया गया है तथा इन लोकसभा क्षेत्रों में कुल 8644 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।    

नक्सल प्रभावित कटोरिया और बेलहर विधानसभा क्षेत्रों में मतदान का समय सात बजे से अपराह्न चार बजे तक निर्धारित किया गया है ।    

संजय ने बताया कि सुचारू मतदान के लिए इन संसदीय क्षेत्रों में 8644 कंट्रोल यूनिट, 12218 बैलट यूनिट और 8644 वीपीपैट की व्यवस्था की गयी है ।    
उन्होंने बताया इन पाँचों संसदीय क्षेत्रों में मतदाताओं की कुल संख्या 85 लाख 52 हजार 274 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 44 लाख 92 हजार 599 है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 40 लाख 59 हजार 375 है। वहीं र्थड जेंडर की संख्या 300 है।   

किशनगंज संसदीय क्षेत्र में कुल 1626 मतदान केंद्रों पर 16 लाख 52 हजार 940 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 8 लाख 55 हजार 667 पुरुष, 7 लाख 97 हजार, 215 महिला और 58 र्थड जेंडर मतदाता शामिल हैं।   

कटिहार संसदीय क्षेत्र के 1667 मतदान केंद्रों पर 16 लाख 45 हजार 713 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 8 लाख 71 हजार 731 पुरुष, 7 लाख 73 हजार 884 महिला और 98 र्थड जेंडर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।    

पुर्णिया संसदीय क्षेत्र में 1758 मतदान केंद्रों पर 17 लाख 53 हजार 701 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 9 लाख 10 हजार एक पुरुष, 8 लाख 43 हजार 648 महिला और 52 र्थड जेंडर मतदाता शामिल हैं।   

भागलपुर संसदीय क्षेत्र के 18 लाख 11 हजार 980 मतदाता 1777 मतदान केंद्रों पर वोट डालेंगे। इनमें 9 लाख 58 हजार 871 पुरुष, 8 लाख 53 हजार 37 महिला तथा 72 र्थड जेंडर मतदाता हैं।   

बांका संसदीय क्षेत्र के 1816 मतदान केंद्रों पर 16 लाख 87 हज़ार 940 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे इनमें 8 लाख 96 हज़ार 329 पुरुष, 7 लाख 91 हज़ार 591 महिला, और 20 र्थड जेंडेर मतदाता शामिल हैं।   

संजय ने बताया कि इन संसदीय क्षेत्रों में कुल 68 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं जिनमें तीन महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं । बांका में सबसे अधिक 20 और भागलपुर तथा कटिहार में नौ-नौ उम्मीदवार हैं।      

भाजपा 2014 में इन सभी पांचों सीटों पर असफल रही थी। इस बार ये सभी सीटें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के खाते में गयी हैं जिसके उम्मीदवार राजग प्रत्याशी के तौर पर अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जदयू ने पूर्णिया से अपने निवर्तमान सांसद संतोष कुमार कुशवाहा को, भागलपुर से अजय मंडल को, बांका से गिरधारी यादव को, कटिहार से दुलाल चंद्र गोस्वामी को और किशनगंज से महमूद अशरफ को उम्मीदवार बनाया है।   

विपक्षी महागठबंधन में शामिल राजद ने भागलपुर से अपने निवर्तमान सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल और बांका से निवर्तमान सांसद जयप्रकाश नारायण यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि किशनगंज से कांग्रेस ने मोहम्मद जावेद को अपना उम्मीदवार बनाया है तथा उदयसिंह इस बार यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।    

किशनगंज में इस बार असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने अख्तरूल इमान को अपना उम्मीदवार बनाया है।  

 

पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत दिग्विजयसिंह की पत्नी पुतुल देवी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में हैं।   

अपने पति की मृत्य के बाद पुतुल देवी उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर 2010 में विजयी रही थीं पर 2014 में भाजपा उम्मीदवार रहीं पुतुल चुनाव हार गयी थीं।

भाषा
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment