रालोसपा विधायक दल का होगा जदयू में विलय!

Last Updated 12 Nov 2018 06:03:03 AM IST

राजग में लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर चल रही बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा को जोर का झटका धीरे से दिया है।


रालोसपा

 रालोसपा के दोनों विधायकों को नीतीश ने अपने पाले में लेने की पूरी तैयारी कर ली है। रालोसपा विधायक ललन पासवान और सुधांशु शेखर के जदयू में शामिल होने के संकेत मिल रहे हैं। रालोसपा विधायक दल का कभी भी जदयू विधायक दल में विलय हो सकता है।

रालोसपा के हरलाखी से विधायक सुधांशु शेखर पार्टी के साथ बने हुए थे जबकि चेनारी से विधायक ललन पासवान विधान सभा चुनाव के बाद ही कुशवाहा से अलग होकर जहानाबाद सांसद डॉ. अरुण कुमार के साथ हो गए थे। श्री पासवान डॉ. अरुण कुमार को भी बाय-बाय कहकर रालोसपा (ललन गुट) का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। उनके सासाराम (सु.) से लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चा है। जानकार सूत्रों के अनुसार, रविवार की सुबह रालोसपा विधायक सुधांशु शेखर ने जदयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर से मुलाकात की। इसके बाद से बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई। सूत्रों की मानें तो इसी बैठक के बाद रालोसपा के दोनों विधायकों के जदयू में शामिल होने के कयास लग रहे हैं। मालूम हो कि मौजूदा बिहार विधान सभा में रालोसपा के दो ही विधायक हैं।

सहारा न्यूज ब्यूरो


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment