साड़ी में अधिक फबती हैं ऐश्वर्या:नीता

Last Updated 01 Feb 2010 07:24:10 PM IST


देश की अग्रणी फैशन डिजाइनरों में एक नीता लुला पिछले एक दशक से अभिनेत्री ऐश्वर्या राय के लिए परिधान तैयार करती आ रही हैं। 'ताल', 'हम दिल दे चुके सनम' और 'जोधा-अकबर' जैसी चर्चित फिल्मों में ऐश्वर्या के लिए परिधान तैयार कर चुकीं नीता का मानना है कि ऐश्वर्या साड़ी में सबसे अधिक फबती हैं। नीता ने कहा कि ऐश्वर्या सभी तरह के भारतीय परिधानों में सुंदर दिखती हैं लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मेरा मानना है कि साड़ी में वह सबसे अधिक आकर्षक दिखती हैं। वह साधारण डिजायनर सूती साड़ी में भी अपने आकर्षण से सबका मन मोह सकती हैं। नीता को 'जोधा-अकबर' में परिधान तैयार करने के लिए इस वर्ष राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया है। उन्हें 'बेस्ट कस्ट्यूम डिजाइनर' का सम्मान मिला है। नीता ने तीसरी बार यह पुरस्कार जीता है। इससे पहले वह 1992 में श्रीदेवी और अनिल कपूर अभिनीत चर्चित फिल्म 'लम्हे' और 2003 में शाहरुख खान और ऐश्वर्या अभिनीत फिल्म 'देवदास' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी हैं। नीता लगभग दो दशक से बॉलीवुड से जुड़ी हैं और इस दौरान उन्होंने 350 से अधिक फिल्मों के लिए परिधान तैयार किए हैं। नीता मानती हैं कि राष्ट्रीय पुरस्कार उन्हें और लगन के साथ काम करने की प्रेरणा देते हैं। बकौल नीता,काम की तारीफ हमेशा अच्छी लगती है। मैं हमेशा दिल लगाकर काम करती हूं और उसके बदले मिलने वाली तालियों से मुझे कुछ खास करने और खास होने का अहसास होता है। नीता इन दिनों आशुतोष गोवारिकर की फिल्म 'खेलें हम जी जान से' के लिए परिधान तैयार करने में व्यस्त हैं। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन और दीपिका पादुकोण ने प्रमुख भूमिका में हैं। नीता ने हालांकि फिल्म के बारे में अधिक जानकारी देने से इंकार कर दिया।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment