वायनाड में नामांकन के बाद राहुल गांधी का रोड शो, प्रियंका भी साथ

Last Updated 04 Apr 2019 09:36:11 AM IST

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज केरल की वायनाड लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ उनकी बहन और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिये कांग्रेस की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं।


वायनाड से नामांकन के बाद राहुल गांधी का रोड शो

वह यहां अपनी बहन प्रियंका गांधी, के सी वेणुगोपाल और मुकुल वासनिक सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ पहुंचे।     

जिला मुख्यालय में उन्होंने जिला कलेक्टर ए आर अजयकुमार को दस्तावेज सौंपें।    

कांग्रेस प्रमुख की हाई प्रोफाइल यात्रा के मद्देनजर कलक्ट्रेट कार्यालय के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।    

इससे पहले राहुल गांधी, प्रियंका और अन्य नेता यहां एक विशेष हेलीकॉप्टर के जरिए पहुंचे थे, जिसे नजदीक एक स्कूल के ग्राउंड मे उतारा गया था।     

चिलचिलाती गर्मी के बीच, यहां महिलाओं और युवाओं सहित पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लहराए और नारे लगाए।     

नामांकन दाखिल करने के बाद राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी के साथ एक खुले वाहन में रोड शो शुरू किया।

सड़क के दोनों ओर लोगों का हुजूम था। सुरक्षा बलों को कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने और उनके वाहन के लिए रास्ता बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।    

राहुल और प्रियंका ने हाथ हिलाते हुए वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया। वाहन के थोड़ा आगे बढ़ते ही राहुल ने उत्साहित समर्थकों से हाथ भी मिलाया। लोग यहां अपने फोन से फोटो खींचते भी नजर आए। समर्थकों ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दल ‘इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग’ (आईयूएमएल) के झंडे भी फहराए।

कांग्रेस ने रविवार को घोषणा की थी कि राहुल गांधी अपनी परंपरागत सीट अमेठी के अलावा केरल में वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ेंगे।    

समयलाइव डेस्क/भाषा
कोझिकोड/कालपेट्टा (केरल)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment