Lok Sabha Election 2024 Phase 7: बिहार लोकसभा चुनाव के 7वें चरण में 4 सीटों पर होगा परिवारिक विरासत के लिए फैसला

Last Updated 01 Jun 2024 07:22:28 AM IST

Lok Sabha Election 2024 Phase 7: बिहार में लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया गठबंधन) के प्रत्याशी चार सीट पाटलिपुत्र, पटना साहिब, बक्सर और सासाराम (सु) पर अपने परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे ले जाने के लिये चुनावी संग्राम में उतरेंगे।


बिहार लोकसभा चुनाव के 7वें चरण में 4 सीटों पर होगा परिवारिक विरासत के लिए फैसला

बिहार लोकसभा चुनाव में सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान 01 जून को आठ सीट पटना साहिब, पाटलिपुत्र, नालंदा, आरा, जहानाबाद, बक्सर, काराकाट और सासाराम (सु) में होना है।

इनमें से चार सीट पाटलिपुत्र, पटना साहिब, बक्सर और सासाराम (सु) पर इंडिया गठबंधन और राजग के प्रत्याशी अपने परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे ले जाने के लिये चुनावी संग्राम में उतरेंगे।

पाटलिपुत्र संसदीय सीट पर इंडिया गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रत्याशी राज्यसभा सांसद मीसा भारती अपने पिता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की राजनीतिक विरासत को आगे ले जाने के लिये चुनावी समर में उतरी है, जहां उनका मुकाबला राजग में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी और पूर्व केन्द्रीय मंत्री राम कृपाल यादव से होगा।

भाजपा के श्री यादव इस सीट पर चुनावी हैट्रिक लगाने के लिये पुरजोर कोशिश मे लगे हैं, वहीं राजद की मीसा भारती ने पहली बार लोकसभा पहुंचने के लिये कड़ी मेहनत की हैं।पाटलिपुत्र संसदीय सीट पर परिसीमन के बाद अबतक तीन बार चुनाव हुये और तीनों बार राजग ने जीत हासिल की है।

वर्ष 2009 में जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के रंजन प्रसाद यादव ने राजद के लालू प्रसाद यादव को मात दी थी। इसके बाद दो चुनाव वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में भाजपा के राम कृपाल यादव ने राजद की मीसा भारती को शिकस्त दी।

बिहार की हाईप्रोफाइल सीट में शामिल पटना साहिब संसदीय सीट से इंडिया गठबंधन के घटक कांग्रेस के टिकट पर अंशुल अभिजीत भी अपने परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे ले जाने के लिये चुनावी रणभूमि में ताल ठोक रहे हैं। अभिजीत को राजनीति विरासत में मिली है।

वह पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम के नाती और पूर्व सांसद एवं लोकसभा की प्रथम महिला अध्यक्ष मीरा कुमार के पुत्र हैं। श्री अभिजीत की दादी सुमित्रा देवी छह बार विधायक रही हैं।

वार्ता
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment