Delhi Lok Sabha Election 2024: राजधानी में शांतिपूर्ण वोटिंग के लिए तैनात किए जाएंगे 1 लाख से अधिक कर्मचारी

Last Updated 08 May 2024 09:43:52 AM IST

Delhi Lok Sabha Election 2024: राजधानी में 25 मई को होने वाले मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजधानी के सभी 2,627 स्थानों के 13,637 बूथों पर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।


शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए 1 लाख से अधिक कर्मचारी लगाए जाएंगे। अचानक बढ़े तापमान को देखते हुए हीट वेव की आशंका के मद्देनजर मुख्य निर्वाचन अधिकारी खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जबकि वेबकास्ट के जरिए 6833 मतदान केंद्रों की सीधी मॉनिटरिंग की जाएगी। यह जानकारी मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी कृष्णमूर्ति ने संवाददाता सम्मेलन में दी है।

दिल्ली में इस बार कुल 1,52,01,936 मतदाता मतदान करेंगे। वर्ष 2019 में दिल्ली में कुल 1,43,16,453 मतदाता थे। प्रशासन का अधिक से अधिक मतदान कराने पर फोकस होगा।
उन्होंने बताया कि इस बार 18 से 19 वर्ष के 2,52,038 युवा मतदाता मतदाता सूची में शामिल हैं।

कुल मतदाताओं में 82,12,794 पुरुष एवं 69,87,914 महिला मतदाता हैं। र्थड जेंडर के 1228, सर्विस श्रेणी  के 12,702 एवं दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 77,480 है। मतदाताओं में 97,823 मतदाता 85 वर्ष से अधिक आयु के हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ईवीएम मशीनों की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में दिल्ली पुलिस एवं अर्धसैनिक बल के जवान लगाए गए  हैं। बुजुगरे एवं दिव्यांगों के लिए 3500 व्हील चेयर्स का इंतजाम किया गया है।

लू की आशंका के मद्देनजर मतदान केंद्रों पर जरूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि 2627 स्थानों पर कुल 13,637 मतदान केंद्र एवं चार उप-मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं द्वारा संचालित एक पिंक बूथ और एक आदर्श बूथ बनाया जाएगा।

कुल 2891 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं। उन्होंने दावा किया है कि बीते लोकसभा चुनाव के मुकाबले राजधानी में लिंगानुपात में सुधार देखने को मिला है। अब यह आंकड़ा 818 से बढ़कर 851 हो गया है। अधिक से अधिक ट्रांस जेंडर मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के प्रयास किए गए हैं। बीते पांच सालों में ट्रांस जेंडर मतदाताओं की संख्या 669 से बढ़कर 1228 हो गई है।

उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी बूथों पर पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था हो। छायादार प्रतीक्षालय, एयर कूलर्स एवं चिकित्सा किट की पर्याप्त व्यवस्था करने के आदेश दिए गए हैं। दिव्यांगों को बूथ पर लाने एवं ले जाने के लिए मुफ्त परिवहन की व्यवस्था की गई है।

इस संबंध में अब तक सी-बिजल ऐप पर कुल 1733 शिकायतें मिली हैं और इसमें 1481 का निपटान कर लिया गया है। नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन तक दिल्ली में कुल 265 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। हालांकि इन उम्मीदवारों की तरफ से कुल 367 नामांकन दाखिल किए गए हैं। 

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment