बस्तर में मंच पर पीएम मोदी को महिलाओं ने भेंट में दिया मोटा अनाज

Last Updated 08 Apr 2024 05:28:43 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर के आमाबाल में भाजपा उम्मीदवार महेश कश्यप के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान महिलाओं ने मंच पर पीएम मोदी का मोटे अनाज से स्वागत किया। इसका वीडियो भी सामने आया है।


बस्तर में पीएम मोदी

इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि जिस मंच से पीएम जनसभा को संबोधित करने वाले हैं, वहां मंच पर पहुंचकर महिलाएं उन्हें मोटा अनाज भेंट कर उनका स्वागत कर रही हैं। वहीं, मंच से पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत में ही भाजपा के दिवंगत नेता बलिराम कश्यप को याद किया। उन्होंने कहा कि बलिराम कश्यप की जन्मस्थली और कर्मस्थली आने पर पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं। शायद यहां कोई क्षेत्र ऐसा नहीं होगा। जहां मैंने और बलिराम कश्यप ने एक साथ दौरा नहीं किया हो। हम एक साथ प्रवास करते थे। संगठन के कार्य के लिए निकलते थे। स्वभाविक है कि बलिराम कश्यप ने जो तपस्या और पुरुषार्थ किया है, उसी का परिणाम है, हम सबने आप सबका इतना विश्वास प्राप्त किया है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि देश और आदिवासी कल्याण के लिए बलिराम कश्यप हर पल जागरूक रहते थे। जितना हो सके आदिवासियों के हितों के लिए काम करने का प्रयास करते थे। बस्तर ने मुझे और भाजपा के हर कार्यकर्ता को अपना आशीर्वाद देने में कोई कमी नहीं रखी है और आज भी यहां दूर-दूर से इतनी विशाल संख्या में आप लोग आशीर्वाद देने आए हैं।

बता दें कि पीएम मोदी बलिराम कश्यप को अपना गुरु मानते हैं। उनका जन्म 11 मार्च 1936 में बस्तर संभाग के भानपुर में हुआ था। वह पेशे से शिक्षक थे। बलिराम कश्यप जनसंघ की विचारधारा से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़कर सियासत की ओर अपना रुख किया। साल 1972 में वह पहली बार विधायक बने थे। साल 1998, 1999, 2004 और 2009 तक वह लोकसभा सांसद रहे।

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा, ''2014 से पहले लाखों करोड़ रुपये के घोटाले होते थे। कांग्रेस की सरकार में दिल्ली से एक रुपया निकलता था और सिर्फ 15 पैसे गांव में पहुंचते थे। बीच के 85 पैसे कांग्रेस खुद लूट लेती थी। मैंने कांग्रेस की लूट की इस व्यवस्था को बंद कर दिया है। भाजपा सरकार ने अपने 10 साल में 34 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजे हैं। आजादी के बाद से कांग्रेस समझती थी कि उसे देश को लूटने का लाइसेंस मिला हुआ है। 2014 में सरकार में आने के बाद मोदी ने कांग्रेस की लूट का लाइसेंस हीं कैंसिल कर दिया है।''

 

 

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment