Weather Update Today: दिल्ली-NCR मे फिर बरसे बादल, जानें देशभर के मौसम का हाल

Last Updated 29 Jul 2023 10:24:28 AM IST

देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में शनिवार को भी बारिश का मौसम बना हुआ है।


भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद जताई है।

 

शुक्रवार शाम से रूक-रूक कर शुरू हुई बारिश ने जहां दिल्ली के मौसम को खुशगवार कर दिया है वहीं इससे सड़कों पर जलभराव की समस्या भी पैदा हो गई है।

 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से दो डिग्री कम है।

मौसम विज्ञानियों ने दिन के दौरान शहर में आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है, जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 96 प्रतिशत दर्ज की गई।

खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना

केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के अनुसार, दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और शनिवार सुबह 10 बजे जल स्तर 205.34 मीटर दर्ज किया गया।

सीडब्ल्यूसी ने कहा कि बढ़ोतरी का एक कारण शुक्रवार रात की भारी बारिश को माना जा रहा है। बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए यमुना के आसपास के इलाकों के ज्यादातर लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है।

यमुना ने 45 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया और 13 जुलाई को अपने उच्चतम स्तर 208.65 मीटर पर पहुंच गई, जिससे कई निचले इलाके जलमग्न हो गए और सड़कों पर पानी भर गया।

पिछले शुक्रवार को यह 208.35 मीटर पर बह रही है। बाढ़ की स्थिति में सुधार के साथ, नदी के पास की सड़कों पर यातायात फिर से शुरू हो गया है और जलजमाव वाले क्षेत्रों में पानी कम हो गया है। लेकिन बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है।
 

राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर कोटपूतली और शाहपुरा में भारी जाम

भारी बारिश के बीच, जयपुर ग्रामीण पुलिस ने जनता से राजस्थान राज्य की राजधानी जयपुर से दिल्ली के बीच यात्रा करने के लिए दौसा एक्सप्रेसवे लेने का आग्रह किया है। लगातार बारिश और फ्लाईओवर निर्माण के कारण जयपुर और दिल्ली को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर कोटपूतली और शाहपुरा में भारी जाम लग गया है।

आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी राजस्थान में शनिवार को हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। पूर्वोतर भारत, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, झारखंड के कुछ हिस्सों, विदर्भ, तटीय कर्नाटक, केरल, दक्षिण गुजरात, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने शुक्रवार को गोदावरी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अल्लूरी सीतारमाराजू, एलुरु, अंबेडकर कोनसीमा, पूर्व और पश्चिम गोदावरी जिलों के कलेक्टरों को सतर्क रहने को कहा।

 

समय लाइव डेस्क/एजेंसी
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment