कर्नाटक में कमल खिलाने के लिए BJP की रणनीति तैयार, PM मोदी कर सकते हैं 20 रैलियां, CM बोम्मई ने दिए संकेत

Last Updated 20 Apr 2023 01:19:51 PM IST

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य में करीब 20 स्थानों पर चुनाव प्रचार करेंगे।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रचार कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

बोम्मई ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के करीब 20 स्थानों पर चुनाव प्रचार करने की पूरी संभावना है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इनमें से अधिकतर स्थानों पर वह रैली को संबोधित करेंगे और कुछ में रोड शो होंगे।’’

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को मतदान होगा और नतीजे 13 मई को घोषित किए जाएंगे।

मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्रियों की एक मजबूत टीम चुनाव के लिए पार्टी के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है।

पार्टी द्वारा जारी नेताओं की सूची के अनुसार केंद्रीय मंत्रियों में राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी, धर्मेंद्र प्रधान, मनसुख मंडाविया और प्रह्लाद जोशी शामिल हैं।

आदित्यनाथ के अलावा मध्य प्रदेश और असम के मुख्यमंत्री क्रमश: शिवराज सिंह चौहान और हिमंत विश्व शर्मा तथा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है।

बोम्मई, कर्नाटक भाजपा के कद्दावर नेता बी एस येदियुरप्पा, पूर्व मुख्यमंत्री डी वी सदानंद गौड़ा, कर्नाटक के कुछ मंत्री और राज्य पार्टी के नेता भी सूची में शामिल हैं।
 

भाषा
बेंगलुरु


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment