महाराष्ट्र पुलिस ने नूपुर शर्मा को किया तलब

Last Updated 08 Jun 2022 05:35:09 AM IST

महाराष्ट्र पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी की निलंबित पदाधिकारी नूपुर शर्मा को पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ उनकी कथित अपमानजनक टिप्पणी के संबंध में बयान दर्ज कराने के लिए 22 जून को पेश होने को कहा है।


महाराष्ट्र पुलिस ने नूपुर शर्मा को किया तलब

एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता शर्मा की टिप्पणी के बाद महाराष्ट्र के ठाणो जिले में मुंब्रा पुलिस ने उनके खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की थी। अधिकारी ने बताया कि तदनुसार, मुंब्रा पुलिस ने शर्मा को 22 जून को जांच अधिकारी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराने के लिए समन भेजा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शर्मा को ईमेल के साथ-साथ स्पीड पोस्ट के जरिए समन भेजा है, जिसमें उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की जानकारी दी गई है।

मुंबई में पाइधोनी पुलिस ने भी शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मुंबई पुलिस आयुक्त संजय पांडे ने सोमवार को कहा था कि वे भी शर्मा के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के संबंध में उनके बयान दर्ज करने के लिए उन्हें समन भेजेंगे। मुंबई पुलिस ने टेलीविजन समाचार चैनल पर बहस के दौरान पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के मामले में शर्मा के खिलाफ 28 मई को मामला दर्ज किया था।

नूपुर शर्मा व परिवार को दिल्ली पुलिस ने दी सुरक्षा

दिल्ली पुलिस ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी को लेकर भाजपा से निलंबित की गईं नूपुर शर्मा और उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने भाजपा की पूर्व प्रवक्ता शर्मा को पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के बाद जान से मारने की धमकियां मिलने की शिकायतों के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की थी। शर्मा ने उन्हें मिल रही धमकियों का हवाला देते हुए पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने का अनुरोध किया था।

भाषा
मुंबई/नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment