कोरोना के सक्रिय मामलों में कमी जारी
देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) को मात देने वालों की संख्या लगातार अधिक बनी हुई है जिससे सक्रिय मामले निरंतर घट रहे हैं वहीं शुक्रवार को संक्रमण के दैनिक मामलों में आंशिक कमी दर्ज की गयी।
![]() देश में कोरोना के सक्रिय मामलों में कमी |
इससे पहले लगातार 10 दिनों तक संक्रमण के नये मामले 50 हजार से कम रहने बाद गुरुवार को इनकी संख्या इस आंकड़े को पार कर गयी थी लेकिन पिछले 24 घंटों में इसमें थोड़ी कमी आयी है और 47,638 नये मामले दर्ज किये गए हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना के 47,638 नये मामले सामने आये। इन्हें मिलाकर संक्रमण के मामलों की संख्या 84.11 लाख से अधिक हो गयी है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मांलय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में 54,157 मरीज स्वस्थ्य हुए और 670 लोगों की मृत्यु हुई। सक्रिय मामलों संख्या 7,189 घटकर 5,20,773 रह गयी है तथा इनकी दर 6.19 फीसदी रही गयी। वहीं स्वस्थ्य होने वालों की दर 92.32 तथा मृत्यु दर 1.49 फीसदी है।
इस जानलेवा विषाणु से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामलों में 6287 की कमी होने से इनकी संख्या घटकर 1,07,358 रह गयी है जबकि इस दौरान 256 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 44,804 हो गयी है। वहीं इस दौरान 11,277 लोग स्वस्थ हुए हैं, जिससे इस महामारी से निजात पाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 15.51 लाख से अधिक हो गयी है।
दक्षिणी राज्य कर्नाटक में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या में 2598 की कमी होने से सक्रिय मामले घटकर 33,114 रह गये हैं। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 11,312 पर पहुंच गया है तथा अब तक 7.94 लाख से अधिक लोग स्वस्थ हुए हैं। आंध्र प्रदेश में इस दौरान सक्रिय मरीजों की संख्या में 440 की वृद्धि होने से सक्रिय मामले 21,878 हो गये। राज्य में अभी तक कोरोना से 6,757 लोगों की मौत हुई है और 8.07 लाख से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं।
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में इस दौरान कोरोना के सक्रिय मामलों में 474 की बढ़ोतरी आयी है जिससे सक्रिय मामले बढ़कर 23,150 हो गये हैं तथा इस महामारी से 7,131 लोगों की मौत भी हुई है। राज्य में अब तक 4.61 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। तमिलनाडु में सक्रिय मामलों में 93 की कमी आयी है और यह संख्या घटकर 19,061 हो गयी है तथा अभी तक 11,272 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 7.06 लाख से अधिक लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं। केरल में सक्रिय मामले में 905 की कमी होने के बाद इनकी संख्या 84,203 हो गई है और अब तक 1613 लोगों की मौत हुई है जबकि स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर करीब 3.80 लाख से अधिक हो गयी है। ओडिशा में सक्रिय मामले घटकर 12,363 रह गये हैं और 1,378 लोगों की मौत हुई है जबकि रोगमुक्त होने वाले लोगों की संख्या 2.83 लाख से अधिक हो गयी है।
दिल्ली में इस दौरान इस महामारी के सक्रिय मामलों में 1360 की वृद्धि हुई है जिससे यह संख्या बढ़कर 38,729 हो गयी है। राष्ट्रीय राजधानी में इस महामारी के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 6,769 हो गयी है तथा अब तक करीब 3.71 लाख से अधिक मरीज संक्रमणमुक्त हुए हैं। तेलंगाना में कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर 19,272 हो गए हैं और 1366 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2.26 लाख से अधिक लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं। पश्चिम बंगाल में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 35,953 हो गयी है और 7122 लोगों की मौत हुई है। इस राज्य में अब तक करीब 3.50 लाख से अधिक लोग स्वस्थ हुए हैं। पंजाब में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 4,621 हो गयी है तथा संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या करीब 1.26 लाख से ज्यादा हो गई है जबकि अब तक 4,281 लोगों की मौत हो चुकी हैं।
मध्य प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 7,766 रह गयी है तथा 1.64 लाख से अधिक लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 2,992 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। गुजरात में सक्रिय मामले घटकर 12,304 रह गए हैं तथा 3,744 लोगों की मौत हुई है और 1.61 लाख से अधिक लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं। बिहार में सक्रिय मामले बढ़कर 6,356 हो गये हैं। राज्य में कोरोना से 1,121 लोगों की मौत हुई है जबकि 2.11 लाख से अधिक लोग संक्रमणमुक्त भी हुए हैं।
कोरोना महामारी से अब तक राजस्थान में 1955, हरियाणा में 1859, छत्तीसगढ़ में 2360, जम्मू-कश्मीर में 1517, उत्तराखंड में 1047, असम में 934, झारखंड में 894, पुड्डुचेरी में 597, गोवा में 630, त्रिपुरा में 354, हिमाचल प्रदेश में 361, चंडीगढ़ में 229, मणिपुर में 189, मेघालय में 91, लद्दाख में 79, सिक्किम में 75, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 60, अरुणाचल प्रदेश में 43, नागालैंड में 45 तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।
| Tweet![]() |