LIVE: भूमि पूजन के साथ मोदी ने रखी राम मंदिर की नींव

Last Updated 05 Aug 2020 09:19:17 AM IST

अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन की प्रक्रिया संपन्न होने के साथ श्रीराम भक्तों की 492 सालों की मनोकामना आज पूरी हो गई।

  • 14:03 : मोदी ने कहा- कश्मीर से कन्याकुमारी, जगन्नाथ से केदारनाथ तक, सोमनाथ से काशी विश्वनाथ तक, बोध गया से सारनाथ तक, अंडमान से अजमेर तक, लक्ष्यद्वीप से लेह तक आज पूरा भारत राममय है। आज पूरा भारत भावुक है। सदियों का इंतजार आज समाप्त हो रहा है।
  • 14:02 : मोदी ने कहा, राम काज कीन्हे बिनु मोहि कहां विश्राम। राम मंदिर के आंदोलन में अर्पण भी था और तर्पण भी था।
  • 14:01 : उन्होंने जय सिया राम का नारा लगाते हुए कहा कि कई पीढ़ियों ने इसके लिए अपना सब कुछ बलिदान कर दिया था, और राम मंदिर के लिए कई-कई पीढ़ियों ने अखंड, अविरत एकनिष्ठ प्रयास किए, और आज का यह दिन उसी तप, त्याग और संकल्प का प्रतीक है।
  • 14:01 : प्रधानमंत्री मोदी ने भूमि पूजन के बाद कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आज मुक्त हुई है।
  • 13:39 : भूमि पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता के कारण यह गौरव का क्षण प्राप्त हुआ है। कई पीढ़ियों के गुजर जाने के बाद आखिरकार संविधान सम्मत और शांतिपूर्ण तरीके से राम मंदिर के निर्माण की शुभ घड़ी आई है।
  • 13:16 : अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमि पूजन की प्रक्रिया पूरी हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इस पूजा में संघ प्रमुख मोहन भागवत, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे।
  • 12:24 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 साल बाद आज श्रीरामजन्मभूमि परिसर में रामलला विराजमन के दर्शन किए और रामलला को दंडवत प्रणाम किया।
  • 11:51 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हुमानगढ़ी में बजरंगबली के दर्शन किए। मुख्यमंत्री योगी ने भी लिया बजरंगबली का आशीर्वाद।
  • 11:33 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंच गए हैं।
  • 11:12 : राष्ट्रीय स्वयंसेवक प्रमुख मोहन भागवत भूमि पूजन स्थल पहुंचे।
  • 11:11 : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के प्रमुख महंत नृत्य गोपालदास चांदी की शिला लेकर अपने आवास से भूमि पूजन स्थल के लिए रवाना हुए। इसी शिला से मंदिर का शिलान्यास किया जाएगा।
  • 11:00 : योग गुरू बाबा रामदेव भूमि पूजन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा, अयोध्या में पतंजलि योगपीठ की तरफ से भव्य गुरुकुल का निर्माण किया जाएगा। पूरी दुनिया से लोग वेद, आयुर्वेद की शिक्षा ले सकेंगे। राम मंदिर से रामराज्य की स्थापना होगी।
  • 10:59 : भूमि पूजन स्थल पर पहुंची उमा भारती ने कहा, अयोध्या ने सभी को एक कर दिया है। अब यह देश पूरी दुनिया में अपना माथा ऊंचा कर कहेगा कि यहां कोई भेदभाव नहीं है।
  • 10:41 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ पहुंचे। यहां से हेलिकॉप्टर से अयोध्या के लिए हुए रवाना।
  • 10:39 : बाबरी मस्जिद केस के पक्षकार रह चुके इकबाल अंसारी भी भूमि पूजन स्थल पर पहुंच चुके हैं।
  • 10:28 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उमा भारती अयोध्या पहुंच चुके हैं।
  • 10:22 : राम मंदिर भूमि पूजन में उपस्थित रहेंगी उमा भारती।
  • 10:21 : साढ़े 12 बजे पीएम नरेंद्र मोदी वहां पर पहुंच जाएंगे। उनके हाथों से 15 मिनट तक पूजा होगी। इसमें वह संकल्प भी करेंगे।
  • 10:19 : पीएम सुनहरे रंग का कुर्ता और धोती पहनकर हुए रवाना
  • 9:45 : भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री दिल्ली से अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। पीएम बनने के बाद वह पहली बार अयोध्या पहुंच रहे हैं।
  • 9:43 : भूमि पूजन के इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी, संघ प्रमुख मोहन भागवत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंनदीबेन पटेल समेत कई बड़ी हस्तियां मौजूद होंगी।
  • 9:41 : तमाम बड़े राजनेता और साधु संत इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे।
  • 9:41 : दोपहर 12.30 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों भूमि पूजन के साथ ही राम मंदिर की नींव बनना शुरू हो जाएगी।
  • 9:40 : अयोध्या में राम मंदिर के लिए आज भूमि पूजन होने जा रहा है।



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बुधवार को अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि स्थल पहुंचने और मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन करने के साथ पांच अगस्त की तारीख इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई।

इसके साथ ही भव्य राम मंदिर निर्माण कार्य का श्रीगणेश हुआ जोकि न सिर्फ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक सपना था बल्कि सामाजिक व धार्मिक दृष्टि से देश के एक बड़े वर्ग को इसका इंतजार था।

धोती और कुर्ता के परंपरागत परिधान में अयोध्या आगमन पर प्रधानमंत्री ने हस्त प्रक्षालन सबसे पहले दंडवत होकर रामलला विराजमान को प्रणाम किया। इसके बाद शंखनाद के बीच मोदी ने प्रार्थना और परिक्रमा की।

मोदी ने इसके बाद यहां मंदिर परिसर में पारिजात का पौधा लगाया और उसको सींचा।

इसके बाद 10वीं सदी में निर्मित हनुमान गढ़ी मंदिर में उन्होंने अर्चना की और फिर भूमि-पूजन का कार्य के लिए प्रस्थान किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ थे।

प्रधानमंत्री के साथ भूमि पूजन में संघ प्रमुख मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। वेद मंत्रोच्चार साथ शुरू हुई पूजा के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा गया था।

40 किलो चांदी की ईंट से राम मंदिर का शिलान्यास

भूमि पूजन के लिए देश के विभिन्न हिस्सों की मिट्टी लाई गई और विभिन्न नदियों का जल भी लाया गया। इसके साथ 40 किलो चांदी की ईंट से भव्य राम मंदिर का शिलान्यास का कार्य आरंभ हुआ। प्रधानमंत्री ने भूमिपूजन कर राम मंदिर की आधारशिला रखी, जिसके बाद मंदिर निर्माण कार्य का श्रीगणेश हुआ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 वर्षों बाद अयोध्या की धरती पर तब कदम रखा जब आज राम मंदिर निर्माण कार्य आरंभ हुआ।

मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री है जिन्होंने श्रीरामजन्मभूमि परिसर में रामलला विराजमान के दर्शन किये हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री के तौर पर अटल बिहारी वाजपेयी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने भी अयोध्या का दौरा किया है लेकिन किसी कारणवश वे रामजन्मभूमि पर रामलला के दर्शन नहीं कर पाये थे।

साल 1991 में राम मंदिर आंदोलन के समय मोदी अपने वरिष्ठ मुरली मनोहर जोशी के साथ अयोध्या आये थे जब एक स्थानीय फोटोग्राफर ने अनायास ही उनकी तस्वीर खींचने के बाद पूछा था कि वह दोबारा अयोध्या कब आयेंगे, उस समय भाजपा के एक सामान्य पदाधिकारी होने वाले मोदी ने कहा था कि अब जब मंदिर बनने का संकल्प पूरा होगा, तभी अयोध्या आयेंगे।

भूमि पूजन से पहले सामने आई रामलला की तस्वीर

अयोध्या में मोदी ने सबसे पहले लिया बजरंगबली का आशीर्वाद

रामजन्मभूमि पहुंच मोदी ने रामलला को किया दंडवत प्रणाम

समयलाइव डेस्क/एजेंसियां
अयोध्या (उत्तर प्रदेश)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment