नड्डा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए देश पर थोपा गया था आपातकाल
देश में आपातकाल लागू होने के 45 हाल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को कांग्रेस पर हमला बोला है।
![]() भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (फाइल फोटो) |
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देश पर थोपे गए आपातकाल के 45 साल पूरे होने पर बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और इसे उसकी ‘‘अधिनयाकवादी’’ मानसिकता का परिचायक करार दिया।
नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भारत उन सभी महानुभावों को नमन करता है, जिन्होंने भीषण यातनाएं सहने के बाद भी आपातकाल का जमकर विरोध किया। ये हमारे सत्याग्रहियों का तप ही था जिससे भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों ने एक अधनियाकवादी मानसिकता पर सफलतापूर्वक जीत प्राप्त की।’’
भारत उन सभी महानुभावों को नमन करता है, जिन्होंने भीषण यातनाएं सहने के बाद भी आपातकाल का जमकर विरोध किया।
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) June 25, 2020
ये हमारे सत्याग्रहियों का तप ही था, जिससे भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों ने एक अधिनायकवादी मानसिकता पर सफलतापूर्वक जीत प्राप्त की। pic.twitter.com/dhkEmmq18b
देश में 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 के बीच 21 महीने की अवधि तक आपातकाल लागू रहा। इंदिरा गांधी उस समय देश की प्रधानमंत्री थीं।
इसके साथ ही नड्डा ने ट्वीटर पर 'आपातकाल का काला अध्याय' शीर्षक से एक पोस्ट भी साझा की। इसमें उन्होंने कहा "वर्ष 1975 में आज ही के दिन निहित राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए तत्कालीन सरकार द्वारा आपातकाल की घोषणा कर सरकार के खिलाफ बोलने वालों को जेल में डाल दिया गया था, देशवासियों के मूलभूत अधिकार छीनकर अखबारों के दफ्तरों पर ताले लगा दिए गए थे।''
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस द्वारा थोपे गए शर्मनाक आपातकाल की बरसी पर मैं उन सभी राष्ट्रभक्तों को नमन करता हूं जिन्होंने घोर अन्याय व यातनाएं सहने के बावजूद लोकतंत्र की हत्या करने वालों के सामने घुटने नहीं टेके।’’
आपातकाल के खिलाफ संघर्ष के योद्धाओं को नमन किया पीयूष गोयल ने
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आपातकाल को भारतीय इतिहास का काला अध्याय बताते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्राणों की बाजी लगाने वाले सभी योद्धाओं को नमन किया है।
गोयल गुरुवार को एक ट्वीट में आपातकाल के दौरान संघर्ष करने वाले सभी योद्धाओं को नमन किया और उन्हें लोकतंत्र का रक्षा कवच बताया।
लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगा कर नागरिक अधिकारों का दमन किया था, और विरोध की प्रत्येक आवाज को कुचला।
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) June 25, 2020
लोकतंत्र की सुरक्षा के लिये कवच बने सभी योद्धाओं को आज मेरा नमन, जिन्होंने अपने प्राणों पर खेलकर लोकतंत्र की रक्षा की। #Emergency1975HauntsIndia pic.twitter.com/cDDzahf4tn
भाजपा नेता ने कांग्रेस की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा, “लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगा कर नागरिक अधिकारों का दमन किया था, और विरोध की प्रत्येक आवाज को कुचला। लोकतंत्र की सुरक्षा के लिये कवच बने सभी योद्धाओं को आज मेरा नमन, जिन्होंने अपने प्राणों पर खेलकर लोकतंत्र की रक्षा की।”
| Tweet![]() |