8 राज्यों की 19 राज्यसभा सीटों के लिए वोटिंग जारी

Last Updated 19 Jun 2020 10:49:07 AM IST

देश के आठ राज्यों से राज्यसभा की 19 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान हो रहा है। गुजरात और आंध्र प्रदेश से चार-चार, मध्य प्रदेश और राजस्थान से तीन-तीन, झारखंड से दो, मणिपुर, मिजोरम और मेघालय से एक-एक सीट पर चुनाव हो रहा है।


गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस के बीच करीबी मुकाबला होने की उम्मीद है।

मध्य प्रदेश में शिवराज ने किया मतदान

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए विधानसभा परिसर में मतदान शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सबसे पहले मतदान किया। राज्य में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चार उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। भाजपा की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सोलंकी उम्मीदवार हैं तो कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और फूलसिंह बरैया को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है। विधायकों की संख्या के आधार पर भाजपा के दो और कांग्रेस के एक सदस्य का राज्यसभा में जाना तय है।

कोरोना संक्रमण के मददेनजर प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मतदान हो रहा है। निर्धारित दूरी पर विधायकों के बैठने के लिए कुर्सी रखी गई है वहीं कतार में भी निर्धारित दूरी पर सदस्य खड़े हुए हैं।

गुजरात में कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर

गुजरात में राज्यसभा की चार सीटों के लिए मतदान शुक्रवार को शुरू हो गया। यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर है क्योंकि दोनों ही पार्टियों में से किसी के पास भी पूर्ण संख्या नहीं है।

भाजपा ने चार सीटों के लिए तीन उम्मीदवार उतारे हैं, वहीं कांग्रेस ने दो उम्मीदवारों को टिकट दिया है। भाजपा यहां अपनी संख्या के मुताबिक दो सीटों पर आसानी से जीत सकती है जबकि कांग्रेस को भी एक सीट मिल सकती है लेकिन चौथी सीट के लिए दोनों पार्टियों के बीच कड़ा मुकाबला है। दोनों ही पार्टियों ने उम्मीद जताई है कि उनके सभी उम्मीदवार राज्यसभा चुनाव जीत जाएंगे।

भाजपा ने अभय भारद्वाज, रमीला बारा और नरहरि अमीन को उतारा है जबकि कांग्रेस की तरफ से शक्ति सिंह गोहिल और भरतसिंह सोलंकी मैदान में हैं।

झारखंड: सबके जीत के दावे

झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान हो रहा है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) दोनों अपनी बिसात बिछाकर जीत का दावा कर रहे हैं।

दो सीटों के लिए हो रहे इस चुनाव में तीन प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में आ जाने से मतदान की स्थिति उत्पन्न हुई है।

वोटों के गणित के आधार पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रमुख शिबू सोरेन और भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश की जीत तय मानी जा रही है, लेकिन कांग्रेस के शहजादा अनवर के भी मैदान में आ जाने के बाद चुनाव दिलचस्प हो गया है।

समयलाइव डेस्क/एजेंसियां
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment