देश में कोरोना के 3.32 लाख से ज्यादा केस, अब तक 9520 लोगों की मौत
देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों का बढ़ना जारी है और पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक 11,502 नये मामले सामने आये हैं जबकि इसी अवधि में 325 और लोगों की मौत हो गयी।
![]() |
केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक नये मामलों के साथ कोविड-19 संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,32,424 हो गयी।
इस बीमारी से मरने वालों की संख्या भी बढ़कर 9520 हो गयी। देश में इस समय कोरोना के 1,53,106 सक्रिय मामले हैं, जबकि इस महामारी से निजात पाने वालों की संख्या 1,69,798 है।
महाराष्ट्र इस महामारी से देश में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। राज्य में पिछले 24 घंटों में 3390 नये मामले दर्ज किये गये हैं और 120 लोगों की मौत हुई है।
इसके साथ ही राज्य में इससे प्रभावित होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,07,958 और इस जानलेवा विषाणु से मरने वालों की संख्या बढ़कर 3950 हो गयी है।
इस दौरान राज्य में 1632 लोग रोगमुक्त हुए हैं जिससे स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 50,978 हो गयी है।
इसके बाद तमिलनाडु (44661) और राष्ट्रीय राजधानी (41182) का स्थान है। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 2,224 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 56 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद राष्ट्रीय राजधानी मरने वाले लोगों की कुल संख्या 1,327 हो गई।
इसके बाद 23,544 मामलों के साथ गुजरात, जहां 1,477 मौतें हो चुकी हैं, उत्तर प्रदेश (13,615), राजस्थान (12,694), मध्य प्रदेश (10,802) और पश्चिम बंगाल (11,087) का स्थान आता है।
| Tweet![]() |