शरजील इमाम को दिल्ली लाई क्राइम ब्रांच, अदालत में पेशी
दिल्ली पुलिस अपराध शाखा की टीम शरजील इमाम को लेकर बुधवार को दिल्ली पहुंच गई। पुलिस उसे दिल्ली में मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किए जाने के साथ ही रिमांड पर लेने की कोशिशों में जुटी हुई है।
शरजील इमाम को दिल्ली लाई क्राइम ब्रांच |
दिल्ली पुलिस अपराध शाखा में एसआईटी प्रमुख डीसीपी राजेश देव ने शरजील इमाम को लेकर दिल्ली पहुंचने की पुष्टि की। उन्होंने कहा, "शरजील से पूछताछ के लिए बाकी राज्यों की पुलिस टीमें भी दिल्ली आ सकती हैं। शरजील को पटियाला हाउस कोर्ट में मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (सीएमएम) की कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद उसका रिमांड लिए जाने की कोशिश होगी।"
उन्होंने कहा कि शरजील इमाम को रिमांड पर लेने की जरूरत इसलिए भी है, क्योंकि उससे लंबी पूछताछ की जानी है। साथ ही उसके विवादित और भड़काऊ भाषण वाले वीडियो की सत्यता की पुष्टि भी उससे करनी है। अधिकारी ने कहा कि पता यह भी लगाना है कि शरजील इमाम के पीछे और कौन-कौन लोग हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले शरजील इमाम के दो वीडियो वायरल हुए थे। इन वीडियो में वह भारत के टुकड़े टुकड़े करवा देने का राग अलाप रहा था। इसी के चलते उसके खिलाफ असम, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और अरुणाचल प्रदेश में मामले दर्ज किए गए थे।
शरजील को दिल्ली पुलिस ने मंगलवार दोपहर जहानाबाद, बिहार में उसके घर काको थाना इलाके से पकड़ा था। शरजील जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय का छात्र है।
| Tweet |