डी पी त्रिपाठी पंचतत्व में विलीन,प्रमुख हस्तियां हुई शामिल

Last Updated 03 Jan 2020 05:12:10 PM IST

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) महासचिव एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य देवी प्रसाद त्रिपाठी की शुक्रवार को यहां अंत्येष्टि कर दी गयी।


राकांपा महासचिव डी पी त्रिपाठी की अंतिम यात्रा में कई प्रमुख लोग शामिल हुए

 त्रिपाठी के पुत्र सिद्धार्था त्रिपाठी ने लोधी रोड स्थित शवदाह गृह में उन्हें मुखाग्नि दी।

राकांपा महासचिव की अंतिम यात्रा में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राकांपा प्रमुख शरद पवार, पार्टी नेता प्रफुल्ल पटेल,समाजवादी नेता शरद यादव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डी राजा, मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की वृंदा करात, भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित, अभय चौटाला,  प्रेमचंद गुप्ता, सहित कई प्रमुख लोग शामिल हुए।

इससे पहले उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, नेपाल के राजदूत नीलाम्बर आचार्य, नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री तथा नेपाली कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस वाई कुरैशी, कांग्रेस नेता पी सी चाको, माकपा नेता सीताराम येचुरी, सपा सांसद जावेद अली खान, तृणमूल के सौगत राय, कांग्रेस के प्रमोद तिवारी, भाकपा नेता अतुल कुमार अंजान, जनता दल (यू) के महासचिव के सी त्यागी सहित कई प्रमुख लोगों ने पार्टी कार्यालय जाकर उनके अंतिम दर्शन किये और श्रद्धांजलि अर्पित की।

त्रिपाठी का गुरुवार सुबह लम्बी बीमारी के बाद यहां निधन हो गया था। वह 67 वर्ष के थे और गले के कैंसर से पीड़ित थे।

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में 29 नवंबर 1952 को जन्मे त्रिपाठी वाम छात्र राजनीति से चमके थे और अपनी विद्वतापूर्ण भाषण कला के लिए जाने जाते थे। छात्र जीवन से ही राजनीति आए त्रिपाठी जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष भी रहे।

 आपातकाल में वह जेल भी गए थे। बाद में वह कांग्रेस में शामिल हुए और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के सलाहकार हो गए। कांग्रेस छोड़कर बाद में वह शरद पवार के नेतृत्व में राकांपा में शामिल हो गये थे। वह राज्यसभा के सदस्य चुने गये और एक पत्रिका थिंक टैंक के संपादक भी रहे।

 

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment